पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अंडा नहीं देने की शिकायत पर एचएम ने छात्र को पीटा, विरोध में रोड जाम

अंडा नहीं देने की शिकायत पर एचएम ने छात्र को पीटा, विरोध में रोड जाम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मध्य विद्यालय बहियार खुर्द के छात्रों और अभिभावकों ने प्रभारी प्रधानाध्यापक पर छात्र की पिटाई करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एनएच 75 को आधे घंटे तक जाम कर दिया। लोगों ने विद्यालय में भी जमकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्र आरोपी प्रभारी प्रधानाध्यापक नंदू राम के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे बंशीधर नगर एसडीओ कमलेश्वर नारायण ने छात्रों को समझा- बुझाकर जाम को हटवाया। घटना के संबंध में आठवीं कक्षा में अध्ययनरत पीड़ित छात्र कर्ण कुमार ने बताया कि वह बाल संसद के अन्य सदस्यों के साथ प्रभारी प्रधानाध्यापक से चौथी और पांचवीं कक्षा के छात्रों को पूरक पोषाहार में अंडा नहीं मिलने की बात कहने के लिए गया था। लेकिन उसकी बात सुनते ही वे आग बबूला हो गए और कहा कि नेतागीरी करते हो। तुम्हें अंडा मिला न, दूसरे छात्रों के लिए इतना क्यों परेशान हो रहे हो कहते हुए थप्पड़ से उसे पीटना शुरू कर दिया। इससे उसके नाक से खून आने लगा। यह देख सभी छात्र आक्रोशित हो गए। इसके बाद आक्रोशित छात्र कार्रवाई की मांग को लेकर मुखिया बसिया देवी के घर पहुंच गए। छात्रों की बात सुनने के बाद मुखिया स्कूल पहुंचीं और शिक्षकों से इस बारे में जानकारी लेने लगी।

इसी बीच कुछ अभिभावक के साथ छात्रों ने एन एच 75 को जाम कर दिया। उसी दौरान बंशीधर नगर की ओर जा रहे डीडीसी चंद्रमोहन कश्यप भी जाम में फंस गए। हालांकि जानकारी मिलते ही उन्हें जाम से बाहर निकाला दिया गया। डीडीसी की सूचना पर एसडीओ जाम स्थल पहुंचे तथा जाम हटवाते हुए यातायात बहाल करवाया। वहीं उन्होंने बीडीओ दयानंद कारजी और बीईईओ महेंद्र राम को तलब किया। इसके बाद स्कूल परिसर में ही एसडीओ ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में एसडीओ ने बच्चों और अभिभावकों से मामले की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी, प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों की पिटाई और शिक्षकों के स्कूल में नहीं रहने की शिकायत की गई। इस पर एसडीओ ने छात्र की पिटाई के आरोपी प्रभारी प्रधानाध्यापक नंदू राम को तत्काल प्रभार मुक्त करते हुए शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश बीईईओ को दिया।

लोगों ने मध्य विद्यालय बहियार खुर्द में जमकर किया हंगामा

विद्यालय में जमा बच्चे।

राजनीति का शिकार बनाया जा रहा: एचएम

इस संबंध में प्रभारी प्रधानाध्यापक नंदू राम ने बताया कि उन्हें एक साजिश के तहत छोटी सी बात को लेकर राजनीति का शिकार बनाया जा रहा है। मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चे भाग दौड़ कर रहे थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्होंने उस बच्चे की पीठ पर धीरे से हाथ चलाया था। लेकिन अचानक मुड़ जाने के कारण हाथ बच्चे की नाक पर गलती से लग गई। इसे मुद्दा बनाकर कुछ लोग उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर सांसद प्रतिनिधि रामसकल पासवान, मुखिया बसिया देवी, पूर्व उप प्रमुख अखिलेश पासवान, कुलदीप पासवान सहित ग्रामीण उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...