- Hindi News
- National
- पदमनाभ अधिकारी रहे टॉपर, सोम्या को बेस्ट ऑल राउंड स्टूडेंट का मिला खिताब
पदमनाभ अधिकारी रहे टॉपर, सोम्या को बेस्ट ऑल-राउंड स्टूडेंट का मिला खिताब
सिटी रिपोर्टर | नाहन/पांवटा साहिब
‘न्यू इंडिया’ के निर्माण में राष्ट्र को युवा पेशेवरों से बड़ी उम्मीदें और अपेक्षाएं हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को पांवटा साहिब में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के द्वितीय दीक्षांत समारोह के अवसर पर कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधोसंरचना को लेकर संस्थान की कुछ सीमाएं हो सकती हैं, लेकिन संस्थान में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के विद्यार्थी हमेशा ही संस्थान और हिमाचल प्रदेश के संस्मरणों को संजोकर रखेंगे। उन्होंने संस्थान से पास हुए विद्यार्थियों को राज्य के ए बेस्डर के रूप में कार्य करने का आग्रह करते हुए कहा कि जब कभी भी उन्हें मौका मिले, राज्य की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने संस्थान से निकलने वाले विद्यार्थियों से देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थान में अध्ययन करने का अवसर प्रदान करने के लिए अपने अभिभावकों की कुर्बानियों को याद रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने मूल्यों, संस्कृति तथा परंपराओं को कायम रखने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों को मेडल प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने पदमनाभ अधिकारी को स्वर्ण पदक प्रदान किया। सोम्या दीपदास को उत्कृष्ट ऑल-राउंड विद्यार्थी का पुरस्कार प्रदान किया गया। आरूषी सिंह को निदेशक विशेष का पुरस्कार प्रदान किया गया। आईआईएम सिरमौर की शासकीय परिषद के अध्यक्ष अजय एस श्रीराम ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का दीक्षांत समारोह में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की उपस्थिति गुणात्मक उच्च शिक्षा प्रदान करने की ओर सरकार की गंभीरता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि इस संस्थान से 35 विद्यार्थियों ने स्नातक की उपाधि ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि संस्थान अपनी आरंभिक अवस्था में है। मगर संस्थान ने देश के उत्कृष्ट संस्थानों में जगह पाई है। उन्होंनेे कहा कि बिना मूल्य की शिक्षा अर्थ विहीन है और कहा कि मूल्य समाज की निष्काम सेवा से आते हैं। उन्होंने कहा कि मूल्य प्रणाली प्रतिबद्धता तथा प्रेरणा पर आधारित हैं और इससे संस्थान महान बनते हैं।
आईआईएम सिरमौर की निदेशक डाॅ. नीलू रोहमित्रा ने संस्थान की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि संस्थान आधुनिक युग की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने के वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि संस्थान उच्च शिक्षा युक्त संकाय और देश के कुछ चुनिंदा अतिथि संकाय के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक वर्ष संस्थान द्वारा मुख्य नई पहलों को लेकर आएगा। संस्थान में अनेक कार्यशालाओं तथा सम्मेलनों का आयोजन किया गया। इनमें जाने-माने विशेषज्ञों ने भाग लिया और विद्यार्थियों से विचार साझा किए। विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, संासद प्रो. वीरेंद्र कश्यप, विधायक सुखराम व सुरेश कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा, राज्य भाजपा महासचिव चंद्र मोहन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
पांवटा साहिब. दीक्षांत समारोह में अपनी टोपियां हवा में उड़ाते आईआईएम के विद्यार्थी
आप उंचे पदों पर जाएं अपने मां-बाप की कुर्बानियां ना भूले
पांवटा साहिब. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जिन्होंने आप सभी को इस काबिल बनाया उन मां-बाप की कुर्बानियों को ना भूले। आपकी शिक्षा के लिए उन्होंने ना जाने क्या-क्या किया होगा। अपने गुरूओं का भी आदर सम्मान करते रहना चाहिए। इसके अलावा देश विदेश जहां भी जाएं अपने संस्कृति को ना भूले।
दीक्षांत समारोह में 35
छात्रों को मिली डिग्री
शुक्रवार को यहां रामपुर घाट के निजी हिमाचल इस्टीटयूट ऑफ टैक्नोलॉजी परिसर में पहुंचकर सीएम जयराम ठाकुर ने दूसरे दीक्षांत समारोह में आईआईएम के छात्रों को डिग्रीयां प्रदान की। आशीष, अभिषेक गुप्ता, अभिषेक सिंह, अमित अग्रवाल, अंकुश, अनुभव, अनुज, अर्चित, आशीष, भावेश, बिलाल, वोल्वे, चमन यादव, विजय, वी बासू, गुनु सत्य शेखर, राजीव, अरविंद, क्षितिज, पदनामभन, पकंज सिंह, पीयूष, तववीर, सत्यम, सौरभ, सुदेश, वीरेंद्र, विशाल, योगेश व छात्रा आयुषि सिंह समेत 35 छात्रों ने डिग्रियां हासिल की। छात्रों ने इस मौके पर आईआईएम सिरमौर के छात्रों ने दीक्षांत समारोह धूमधाम से मनाया। आईआईएम में अपनी स्नातकोतर डिग्री लेने के बाद छात्र खुशी से फू ले ने समा रहे थे। डिग्रियां लेने के बाद छात्रों ने परिसर में अपने अपने परिजनों व अभिभावकों के साथ फोटो भी खिंचवाए।