भास्कर न्यूज | रामपुर बुशहर
मशनू में आयोजित बिरशी मेले में ग्रामीणों ने खूब ठुमके लगाए। मेले के मुख्य आकर्षण रहे संतोष और केदार नेगी ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति पेश कर इलाके के लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रामपुर खंड के युवक मंडल मशनू द्वारा बिरशी मेले का आयोजन धूमधाम से किया गया। समापन समारोह में स्थानीय विधायक नंद लाल बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए। वीरवार देर शाम को स्थानीय विधायक नंद लाल ने दीप प्रज्जवलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत की। इस मौके पर युवक मंडल मशनू और स्थानीय लोगों ने नंद लाल का जोरदार स्वागत किया। मेले के समापन अवसर पर मुख्यातिथि नंद लाल ने लोगों की समस्याएं सुनी और उन्हें प्रदेश सरकार तक पहुंचाने की बात कही। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मेला हमारी संस्कृति को जीवंत रखने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने युवक मंडल को दो लाख रुपए देने की घोषणा भी की। मेले की सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय लोक गायक संतोष और किन्नौर के गायक केदार नेगी ने ग्रामीणों को देर रात खूब नचाया। युवक मंडल मशनू के अध्यक्ष विपिन मेहता ने बताया कि बिरशी मेले का आयोजन पिछले कई सालों से युवक मंडल द्वारा किया जा रहा है, जिसमें पंचायत के सभी लोग भरपूर सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक ने दो लाख रुपए देने की घोषणा भी की।