भास्कर न्यूज | रामपुर बुशहर
रामपुर में हिमफेड के निदेशक पद के लिए चुनाव का आयोजन किया गया। इस चुनाव में नरैण पंचायत प्रधान नरेश चौहान ने निदेशक के पद पर कब्जा जमाया। चुनाव की देखरेख चुनाव अधिकारी रूप सिंह डेनी की अध्यक्षता में की गई। चुनावी प्रक्रिया में करीब 35 मतदाताओं ने भाग लिया। इनमें नरेश चौहान को 14 मत, कर्मचंद को को 11, प्रेम चोपड़ा को 6 मत और संजीव को 2 मत पड़े। सबसे अधिक मत पडऩे वाले नरेश चौहान को हिमफेड का निदेशक चुना गया। इस चुनाव प्रक्रिया में कुमारसैन, रामपुर, किन्नौर, आनी, रोहडू, ननखड़ी और कोटगढ़ के लोगों ने भाग लिया। नरेश चौहान के निदेशक बनने पर भाजपा मंडल रामपुर अध्यक्ष शशिभूषण श्याम, एपीएमसी निदेशक केवल राम बुशैहरी, भाजपा वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह द्रैक, बृजलाल, नींजू राम कश्यप, श्याम लाल गुप्ता, मोहन लाल और लायक राम खूंद के अलावा कई अन्य कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।