रामपुरा फूल के सिविल अस्पताल में माहिर डॉक्टरों की कमी
भास्कर संवाददाता| रामपुरा फूल
सिविल अस्पताल में डाक्टरों की भारी कमी है। हलके के 50 बेड वाले अस्पताल में स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिक्रयोग्य है कि रामपुरा फूल का सिविल अस्पताल हलका रामपुरा और हलका मौड़ के कई गांवों के लोगों को सेहत सुविधाएं देने के लिए बनाया गया। जहां सरकार की तरफ से आए दिन सुविधाओं के लिए मशीनें तो कई भेजी जा रही हैं परन्तु इनको चलाने के लिए स्टाफ नहीं भेजा जा रहा जिस कारण ये कबाड़ का रूप धारण कर रही हैं।
नर्सिंग, दर्जा 4 कर्मी, लैब टेक्नीशियन के पद भी हैं खाली
सिविल अस्पताल के एसएमओ अमरीक सिंह ने अस्पताल में डाक्टर समेत अन्य स्टाफ की कमी को मानते हुए कहा कि 50 बेड वाले उक्त अस्पताल में 9 माहिर डाक्टरों के पद हैं परन्तु सिर्फ 6 डॉक्टर हैं और 3 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। कुछ डाक्टर तो सेवा मुक्ति के नजदीक हैं। इसी तरह ही एमबीबीएस डाक्टरों के 7 पद हैं और डाक्टर सिर्फ 1 है और 6 पद खाली हैं, दांतों वाले डाक्टर की विशेष जरूरत है परन्तु वह भी नहीं हैं नर्सिंग सिस्टर का एक पद है और वह भी लंबे समय से खाली है, दर्जा चार के 35 पद हैं और 12 दर्जा चार कर्मी काम कर रहे हैं बाकी पोस्टें खाली हैं, एएनएम की दो पोस्टें हैं जिनमें से एक खाली है इसी तरह लैब टेक्नीशियन की पांच पोस्टों में से 2 खाली हैं। सरकारी हिदायत के अनुसार खोले होम्योपैथी सेंटर में भी डाक्टर नहीं है।