खेतीहर श्रमिक ने बेटी जन्म पर डीजे लगा किया खुशी का इजहार, दावत दी
रामसिंहपुर| कस्बे का युवक जयहिंद ने बेटी के जन्म पर कस्बे के लोगों, व्यापारियों व अस्पताल स्टाफ को दावत दी। जयहिंद कस्बे में जमीदार के यहां नौकरी करता है। बेटी का जन्म कस्बे के सरकारी अस्पताल में 1 मई को हुआ। बेटी जन्म पर परिजनों ने डीजे लगाकर खुशी का इजहार किया। जयहिंद 7वीं व उसकी प|ी अमनजोत 5वीं तक शिक्षित हैं। पहली संतान बेटी होने पर उनके खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दंपती का कहना है कि बेटियां माता-पिता के दिल के ज्यादा करीब होती हैं। हमारी इच्छा थी की पहली संतान बेटी हो। भगवान ने हमारी इच्छा पूरी कर दी। जयहिंद ने बताया कि यूपी से कई वर्ष पहले माता-पिता के साथ यहां पर आए। गरीबी कारण शिक्षा गौण हो गई। पांच बहनों की शादी की। इस बीच अपने भविष्य का याद ही नहीं रहा। लेकिन अब मेरी बेटी कुछ अलग करे ऐसी कोशिश करुंगा। सरकारी प्राथमिक अस्पताल के डॉ. जयकिशन ने बताया कि बेटी के जन्म की खबर सुनकर जयहिंद ने पूरे अस्पताल में मिठाई बांटी थी।