- Hindi News
- National
- समाज : रणछोड़राय मंदिर के स्थापना दिवस पर निकली शोभायात्रा, दिनभर चला भजन कीर्तन का दौर
समाज : रणछोड़राय मंदिर के स्थापना दिवस पर निकली शोभायात्रा, दिनभर चला भजन-कीर्तन का दौर
राणापुर | मालीपुरा स्थित रणछोड़राय मंदिर का वार्षिक स्थापना दिवस पर गुरुवार को अनेक धार्मिक आयोजन हुए। सगरवंशीय माली समाज ने इसका आयोजन किया। मंदिर में फूलों से आकर्षक सजावट की गई। समाजजन अपनी सब्जियों की दुकानें बंद रखकर आयोजन को सफल बनाने में लगे हुए थे। दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चला। वार्षिक ध्वजारोहण किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। शाम को नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें महिलाएं भजन गाते चल रही थी। भगवान रणछोड़राय की तस्वीर को एक बग्घी में सजाया गया था। डीजे पर बज रहे भजनों की धुन वातावरण में धार्मिकता घोल रही थी। प्रमुख चौराहों पर गरबे खेलने में युवक युवतियों के साथ बुजुर्ग महिलाएं भी खूब उत्साह दिखा रही थी। शोभायात्रा में बच्चे हनुमान व कृष्ण का रूप धरकर सबके आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा पुनः मालीपुरा पहुंची। यहां समाजजनों का भंडारा भी हुआ।