- Hindi News
- National
- मरीजों को बड़े अस्पताल रेफर कर तुरंत कॉल सेंटर को पूरी जानकारी दें : सचिव
मरीजों को बड़े अस्पताल रेफर कर तुरंत कॉल सेंटर को पूरी जानकारी दें : सचिव
स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे ने कहा है कि झारखंड में कोई भी प्रसूता इलाज के अभाव में दम नहीं तोड़ेगी। नवजात की मृत्यु दर भी शून्य किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर होने वाले गर्भवती को जरूरत के हिसाब से फौरन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे इनका उपचार समय पर होगा। मरीजों को बड़े अस्पताल रेफर करने के फौरन बाद कॉल सेंटर को पूरी जानकारी दी जाएगी। इससे इनका इलाज बगैर देरी के शुरू करने में आसानी होगी।
निधि खरे ने सभी गर्भवती को अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा मुहैया कराने के लिए लेडी डाॅक्टरों को ट्रेनिंग देने का निर्देश दिया है। इससे इनकी बीमारी की जानकारी समय पर मिलेगी। उन्होंने कहा है कि विभाग हर हाल में मातृ शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे आरसीएच सभागार में आयोजित लक्ष्य मेंटरिंग ग्रुप की बैठक को संबोधित कर रही थी। बैठक में राज्य के अस्पतालों के लेबर रूम को अपग्रेड करने पर जोर दिया। उन्होंने लेबर रूम को सभी सुविधा से लैस करने का निर्देश दिया है। लेबर रूम को अपग्रेड करने से प्रसव के दौरान महिलाओं पर खतरा कम होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मातृ शिशु मृत्यु दर शून्य करना है। बैठक में निदेशक प्रमुख डॉ. सुमंत मिश्रा, डॉ. जेपी सिंह, तीनों मेडिकल कालेज के प्रतिनिधि ने भाग लिया।
अधिकारियों के साथ आरसीएच सभागार में बैठक करतीं निधि खरे।