टाइम्स स्क्वायर की थीम पर 1 माह में बनकर तैयार होगा मोरहाबादी मैदान
राजधानी के मोरहाबादी मैदान को लंदन के टाइम्स स्क्वायर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। मैदान के चारों ओर 14 एलईडी स्क्रीन, 8 हाईमास्ट लाइट और 8 गोबो लाइट लगाने की तैयारी चल रही है। इसका बेस तैयार हो गया है। एक सप्ताह में लाइट लगाने का काम शुरू होगा।
इधर, प्रमुख योजनाओं के निरीक्षण के दौरान बुधवार को नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने हर हाल में एक माह के अंदर मोरहाबादी मैदान के प्रोजेक्ट का काम पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने जुडको के अधिकारियों को साफ कहा कि मैदान में बने स्टेज को तोड़कर नए रूप में विकसित करें, ताकि यहां छोटे-बड़े कार्यक्रम हो सके। इसके बाद उन्होंने करमटोली तालाब, बड़ा तालाब, रवींद्र भवन, वेंडर मार्केट, जयपाल सिंह स्टेडियम व इस्लाम नगर में विस्थापितों के लिए बन रहे कॉलोनी का निरीक्षण किया। इन योजनाओं में देरी पर नाराजगी जताई। अधिकारियों को टाइमलाइन के अंदर कार्य पूरा करने को कहा। मौके पर नगर आयुक्त डाॅ. शांतनु अग्रहरि, जुडको के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डीके सिंह, आलोक कुमार मौजूद थे।
अधिकारियों से जानकारी लेते सचिव।
आवास निर्माण में तेजी लाएं
इस्लामनगर में अतिक्रमण में हटाए गए परिवार के लिए 444 फ्लैट बन रहा है। चार मंजिलें फ्लैट में प्रत्येक परिवार को एक बेडरूम, हॉल, किचन, बाथरूम देना है। सचिव ने यहां साफ कहा कि जुलाई 2019 तक में फ्लैट निर्माण पूरा करें। इसके अलावा वहां अन्य आधारभूत संरचना का भी निर्माण समय पर पूरा करंे, ताकि गरीबों को घर के साथ जरूरी सुविधा मिले।
पॉली हाउस बनाने का निर्देश
बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण का काम धीमा होने पर सचिव ने नाराजगी जताई। बड़ा तालाब में छोटा तालाब की मिट्टी गिराने पर नगर आयुक्त को रोक लगाने का निर्देश दिया। कहा कि बड़ा तालाब के किनारे एक पॉली हाउस बनाएं, ताकि समय-समय पर प्लांटेशन में किसी तरह की परेशानी न आए।