किताबों की कमी दूर करने के लिए बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
शैक्षणिक संस्थानों में स्टूडेंट्स की रीडिंग हैबिट बढ़ाने और उनमें डिजिटल बुक के प्रति रुचि पैदा करने के उद्देश्य से डिजिटल लाइब्रेरी क्लब बनाए जाएंगे। साथ ही बाजार में किताबों की कमी दूर करना और हर आर्थिक वर्ग के स्टूडेंट्स के लिए किताबें उपलब्ध कराना भी इसका मूल उद्देश्य है।
इस डिजिटल लाइब्रेरी क्लब से देशभर के शैक्षणिक संस्थानों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए कई एक्टिविटीज भी कराई जाएंगी, ताकि स्टूडेंट्स का रुझान इस ओर बढ़े। इसके लिए आईआईटी खड़गपुर की ओर से कॉन्सेप्ट तैयार किया जा रहा है। इसकी पहल मिनिस्ट्री ऑफ ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट ने की है। आईआईटी खड़गपुर के प्रोफेसर डॉ पीडी दास का कहना है कि डिजिटल लाइब्रेरी क्लब का कॉन्सेप्ट नोट तैयार किया जा रहा है। अभी यह प्रारंभिक अवस्था में है। जल्द ही इसे लॉन्च किया जाएगा।
Good News For Students
आईआईटी खड़गपुर बना चुका है एनडीएल
आईआईटी खड़गपुर इससे पहले नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी बना चुका है। इसमें मैथ्स, इंग्लिश, हिंदी, बायोलॉजी, फिजिक्स, केमेस्ट्री, ज्योग्राफी के अलावा इंजीनियरिंग, मेडिकल व मैनेजमेंट की किताबें शामिल की हैं। इसमें 7 लाख से ज्यादा डिजिटल बुक्स उपलब्ध हैं। इससे आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी जैसे संस्थानों को जोड़ा भी गया है। इसके अलावा स्टूडेंट्स को जुड़ने के लिए भी एक लिंक https://ndl.iitkgp.ac.in/account/registration इसकी वेबसाइट पर दी गई है।
मेंबर्स रखेंगे अपनी राय : डिजिटल लाइब्रेरी क्लब में सदस्यों को अपनी राय रखने का मौका भी दिया जाएगा। इसमें सुधार संबंधी सुझाव भी एमएचआरडी को भेजा जा सकेगा।