- Hindi News
- National
- ऐसा कैफे जहां सेंसेक्स की तरह बढ़ती घटती है चाय की कीमत 60 रुपए की चाय 16, तो 40 की 55 रुपए में भी मिल सकती है
ऐसा कैफे जहां सेंसेक्स की तरह बढ़ती-घटती है चाय की कीमत 60 रुपए की चाय 16, तो 40 की 55 रुपए में भी मिल सकती है
एक प्याली चाय.. कहीं 5 रुपए की मिलती है, कहीं 50 तो कहीं 100 की। जगह के अनुसार दाम बढ़ता-घटता है। लेकिन अपने शहर में एक ऐसी जगह भी है जहां एक प्याली चाय की कीमत दिनभर में कई बार बदलती है। यहां 60 रुपए की चाय पल में 16 रुपए की हो जाती है। तो 40 की चाय 55 की भी हो सकती है। ठीक वैसे ही जैसे सेंसेक्स गिरता-चढ़ता है। इस टी प्वाइंट में भी चाय की रेट सेंसेक्स की तरह ही बढ़ती-घटती है।
शहर के चार युवा, अमित सिन्हा, सोनू अग्रवाल, अभिषेक सिन्हा और कुमार शुभम रांची में यह आइडिया लेकर आए हैं। शुभम बिजनेसपर्सन हैं, अमित एक कंपनी में मार्केटिंग का काम करते हैं और सोनू सीए फाइनल ईयर में हैं। 14 मार्च को इस इनोवेटिव आइडिया वाले टी-प्वाइंट की शुरुआत हुई है। सोनू ने बताया कि वे तीनों करीब एक साल से इस आइडिया पर काम कर रहे थे। मजाक-मजाक में एक दूसरे के साथ बातचीत से यह आइडिया निकला था। उन्होंने कैफे के मेन्यू कार्ड में पंच लाइन दिया है- चाय सिर्फ चाय नहीं, दवा है, दुख की, दर्द की, मोहब्बत की..। इस कैफे में ऑर्डर लेने से लेकर सर्व करने और चाय बनाने तक का काम लड़कियों के जिम्मे है।
शहर के चार युवाओं ने मिलकर निकाला यह आइडिया, कैफे स्टाफ में हैं सिर्फ लड़कियां
इन चार युवाओं का है आइडिया।
प्रजेंटेशन के तरीके भी अनोखे
यहां टी, कॉफी से लेकर ब्रंच तक को टेबल पर प्रजेंट करने के तरीके भी अनोखे हैं। कुल्हड़ चाय ठेले पर आती है तो फ्रेंच फ्राइज के साथ चाय रिक्शे पर।
इस कैफे में पानी भी मिट्टी की जगनुमा सुराही में सर्व होता है।
50 से ज्यादा तरीके की चाय : इस कैफे में आपको चाय की 50 से ज्यादा वेराइटी मिल जाएगी।
खास सॉफ्टवेयर से डिसाइड होती है चाय की प्राइस
कैफे में एक खास सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया है। दो टीवी स्क्रीन्स हैं जिन पर हर चाय की बेस प्राइस और प्रजेंट प्राइस (अप/ डाउन) डिस्प्ले होता रहता है। लोग टैब के जरिए उसी सॉफ्टवेयर से ऑर्डर देते हैं। जिस चाय की डिमांड एक टाइम फ्रेम में ज्यादा होती है उसकी प्राइस बढ़ती है। जिसकी डिमांड उस वक्त कम होगी उसकी प्राइस भी कम होगी।