नए उत्पादों के साथ ‘मेधा’ की बाजार में दस्तक
झारखंड मिल्क फेडरेशन के जरिए प्रतिदिन करीब दो लाख उपभोक्ताओं तक सीधे पहुंच रहे ‘मेधा’ के प्रोडक्ट्स मंगलवार से नए और आकर्षक पैकेजिंग में गुणवत्ता की गारंटी के साथ फिर से बाजार में आया। मंगलवार को कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने इसके नए लोगो एवं पैकेजिंग वाले उत्पाद बाजार में बिक्री के लिए लांच किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा मेधा ने पांच हजार से भी अधिक उपभोक्ताओं और गोपालकों के बीच सर्वे कराया और उनके फीडबैक के आधार पर बदलाव लाया। मेधा की गुणवत्ता एवं उच्च मानकों को दर्शाते हुए लोगो, ब्रांड टैगलाइन एवं पैकेजिंग में बदलाव लाया गया है। खास बात यह कि इसमें झारखंड की स्थानीय संस्कृति की झलक है।
नए पैकेजिंग वाले उत्पाद लांच करते कृषि मंत्री रणधीर सिंह, सांसद रामटहल चौधरी व अन्य।
हर उत्पाद पर गुणवत्ता की गारंटी : संस्था के महाप्रबंधक ने बताया कि बाजार में मौजूद अन्य कंपनियों के दुग्ध उत्पाद के मुकाबले मेधा के उत्पाद ज्यादा पौष्टिक एवं सुरक्षित हैं। झारखंड में विटामिन ए और डी से फोर्टिफाइड दूध बेचनेवाली एकमात्र संस्था मेधा है। उन्होंने बताया कि मेधा डेयरी अभी झारखंड में 21 जिलों में अपने उत्पाद उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध करा रही है। गुणवत्ता का ख्याल रखा जा रहा है। मेधा के हर उत्पाद पर अब हमारा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 7544003456 और वेबसाइट का नाम www.jmf.coop. भी मुद्रित रहेगा। इस नंबर और वेबसाइट पर 24 घंटे उपभोक्ता अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज करा सकेंगे।