- Hindi News
- National
- रांची रेल मंडल में एडीआरएम के दो पदाें पर पहले से पोस्टिंग, अब एक और को भेजा गया
रांची रेल मंडल में एडीआरएम के दो पदाें पर पहले से पोस्टिंग, अब एक और को भेजा गया
रांची रेल मंडल में तीसरे एडीआरएम एमएम पंडित की पोस्टिंग कर दी गई हैं। इससे रेलवे अफसरों में ऊहापोह की स्थिति बन गई है। वे समझ नहीं पा रहे कि तीसरे एडीआरएम का काम क्या होगा। क्योंकि छोटा डिविजन होने के कारण रेलवे बोर्ड यहां पहले ही दो एडीआरएम की पोस्टिंग कर चुका है।
इनमें एडीआरएम विजय कुमार (ऑपरेशन) और एडीआरएम अजीत सिंह यादव (इंफ्रास्ट्रक्चर) शामिल हैं। इस संबंध में डीआरएम विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि डिविजन में दो ही एडीआरएम बैठेंगे, क्योंकि दो पद ही सृजित हैं। पूर्व-मध्य रेलवे से तीसरे एडीआरएम की पोस्टिंग 16 अप्रैल को कैसे हुई, इसके लिए अब फाइल देखनी होगी। इस मामले को लेकर बोर्ड के अफसर भी कंफ्यूज हैं।
चक्रधरपुर और खड़गपुर एडीआरएम को एक्सटेंशन : इधर, जानकारी के अनुसार, रेलवे बोर्ड ने चक्रधरपुर और खड़गपुर डिविजन के एडीआरएम को वर्ष 2019 के मई और जून महीने तक के लिए एक्सटेंशन दिया है। इसकी अधिसूचना रेलवे बोर्ड ने जारी कर दी है।
विजय कुमार की जगह योगदान देंगे नए एडीआरएम एमएम पंडित : डीआईपी
एडीआरएम विजय कुमार का कार्यकाल दिसंबर 2017 में ही खत्म हो गया है। उनका तबादला तो कर दिया गया है, लेकिन पोस्टिंग नहीं की गई है। नए एडीआरएम की पोस्टिंग से पहले विजय कुमार को अपने कैडर में वापस जाने से संबंधित नोटिफिकेशन बोर्ड ने जारी नहीं किया। इस कारण यह स्थिति आई है। अब एडीआरएम विजय कुमार जब तक अपने कैडर में नहीं जाएंगे, एमएम पंडित ज्वाइन नहीं कर सकेंगे। इधर, रेलवे बोर्ड के डीआईपी (डायरेक्टर ऑफ इंफॉर्मेशन पब्लिसिटी) वेद प्रकाश ने कहा है कि नए एडीआरएम एमएम पंडित एडीआरएम विजय कुमार की जगह योगदान देंगे।