कपाली नगर परिषद चुनाव में किसकी गलती बताएं
कपाली नगर परिषद उपाध्यक्ष का चुनाव रद्द होने की जवाबदेही तय करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने सरायकेला उपायुक्त को निर्देश दिया है। आयोग ने कहा है कि यह बहुत ही गंभीर बात है। किसी भी चुनाव पर बहुत सारे धन खर्च होते हैं। किसी एक-दो अधिकारियों या कर्मचारियों की गलती के कारण पूरी चुनाव प्रक्रिया रद्द करनी पड़े, तो यह खर्च दोगुनी बढ़ जाती है। उपाध्यक्ष के चुनाव में किसकी गलती से जेएमएम का चुनाव चिह्न गायब रहा। इवीएम में चुनाव चिह्न तय करने की जिम्मेवारी किसकी थी। किसने इसका प्रूफ देखा तथा किसने इसे ओके किया, उन सब लोगों को चिह्नित किया जाए। गौरतलब है कि उपाध्यक्ष के लिए खड़े जेएमएम प्रत्याशी के नाम के आगे उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न तीर-धनुष की जगह सिर्फ तीर ही था। झामुमो ने इसे रद्द करने की मांग की थी। सोमवार देर शाम तक चुनाव आयोग ने चुनाव रद्द करने की घोषणा की थी।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन की रिपोर्ट मिलने के बाद ही उपाध्यक्ष के लिए चुनाव की नई तिथि की घोषणा की जाएगी।