- Hindi News
- National
- पानी और बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर करें, कोताही बर्दाश्त नहीं : वर्णवाल
पानी और बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर करें, कोताही बर्दाश्त नहीं : वर्णवाल
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सह सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव सुनील कुमार वर्णवाल ने कहा कि किसी भी कीमत पर राज्य में पीने के पानी अौर बिजली से संबंधित समस्याओं का समाधान तुरंत करें, जिससे लोगों को पानी और बिजली के संकट का सामना नहीं करना पड़े। पेयजल संकट के समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील बनने का निर्देश दिया। बिजली की समस्या पर उन्होंने कहा कि दीपावली तक हर घर को बिजली देने का लक्ष्य सरकार का है, ऐसे में अधिकारी बिजली आपूर्ति की दिशा में युद्ध स्तर पर कार्य करना सुनिश्चित करें। वे वर्णवाल मंगलवार को सूचना भवन में मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र के माध्यम से दर्ज हुई शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा कर रहे थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने 11 मामलों की समीक्षा की।
रामगढ़ के हेसागढ़ा पंचायत में पहाड़ को काटकर एनएच 33 का निर्माण किया गया है। अब पहाड़ का पत्थर टूटकर सड़क पर गिर रहा है। इस वजह से हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इस मामले में वर्णवाल ने संबंधित नोडल अधिकारी से पूछा तो उन्होंने कुछ स्पष्ट जवाब नहीं दिया। वर्णवाल ने कार्रवाई का निर्देश दिया।
जनसंवाद केंद्र में दर्ज शिकायतों के निष्पादन में खराब प्रदर्शन को लेकर उन्होंने पलामू, हजारीबाग, रांची, धनबाद, चतरा व गिरिडीह के नोडल अधिकारी को सख्त निर्देश दिया। कहा कि सभी जिले एक सप्ताह के अंदर अपने अपने यहां शिकायतों के निष्पादन में तेजी लाएं। किसी भी कीमत पर अपने यहां मामले लंबित नहीं रखें। अगले सप्ताह तक जिन जिलों के पास 1000 से अधिक शिकायतें लंबित होंगी, वहां के अधिकारी पर कार्रवाई होगी।