डेंटल काउंसिल को नहीं मिल रहा कार्यालय, छात्रों रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं
स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने झारखंड डेंटल काउंसिल को कार्यालय और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय सचिव को पीत पत्र लिखा है। मंत्री ने कहा है कि काउंसिल को अब तक सुविधाएं नहीं मिली हैं, जिसके कारण रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में काउंसिल के सचिव सुशील कुमार ने मंत्री के पास आवेदन दिया है।
कार्यालय आवंटन को लेकर चल रहा विवाद
डेंटल काउंसिल का कार्यालय रिम्स के डेंटल काॅलेज में खुलना है। लेकिन, यहां कार्यालय को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में काउंसिल के सदस्यों ने स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे से मिलकर अपनी बातें रखी थीं। काउंसिल के सदस्यों का कहना है कि जिस कमरे में काउंसिल का कार्यालय खोला जाना है, उसे यह कहकर नहीं दिया जा रहा है कि वहां ओटी बननी है। जबकि, ओटी तीसरे तल्ले पर बना है। इसी तरह काउंसिल कार्यालय के टेबुल-कुर्सी आदि की व्यवस्था नहीं की गई है। कंप्यूटर के बिना रजिस्ट्रेशन का काम शुरू नहीं हो सकता। कंप्यूटर मांगने पर डेंटल काॅलेज में उपलब्ध कंप्यूटर से काम चलाने को कहा जा रहा है। जबकि, किसी भी डेंटल डॉक्टर का रजिस्ट्रेशन के दौरान कई व्यक्तिगत जानकारियां ली जाती हैं। ऐसे में अगर अलग कंप्यूटर नहीं होगा, तो जानकारी लीक होने का खतरा रहेगा। काउंसिल के सदस्यों ने रिम्स निदेशक डॉ. आरके श्रीवास्तव को भी इस संबंध में जानकारी दी हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय सचिव को लिखा पीत पत्र, काउंसिल को सुविधा उपलब्ध कराने को कहा