अंजुमन चुनाव : मौलाना आजाद कॉलेज में 22 को होगी वोटिंग
अंजुमन इस्लामिया रांची की नई कमेटी का चुनाव अपर बाजार स्थित मौलाना आजाद कॉलेज में वोटिंग से होगा। राज्य वक्फ बोर्ड के सीईओ सह चुनाव कन्वेनर मोइनउद्दीन खान द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, कॉलेज में 05 बूथ बनाए जाएंगे। अंजुमन के सदस्य 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कर सकेंगे। वोटर अपने साथ मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, शस्त्र लाइसेंस में से किसी एक की फोटो प्रति जरूर लाएं। उन्हें बूथ वाइज वोट करने के लिए पर्ची मतदान स्थल पर उपलब्ध कराई जाएगी। 23 अप्रैल को कॉलेज में ही वोटों की गिनती सुबह 10 बजे से की जाएगी। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट मतगणना के दौरान मौजूद रहेंगे। उन्हें पास दिए जाएंगे। इसके लिए अंजुमन कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। प्रत्याशी स्वयं या फिर उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति ही पास ले सकेंगे। एक समय एक ही व्यक्ति प्रत्याशी या एजेंट पास का इस्तेमाल कर सकेगा। पास 21 अप्रैल को अंजुमन कार्यालय में शाम 7 बजे तक बांटे जाएंगे।