- Hindi News
- National
- नवोदय विद्यालय का इंट्रेंस एग्जाम 21 को, रांची जिले में बने 16 परीक्षा केंद्र
नवोदय विद्यालय का इंट्रेंस एग्जाम 21 को, रांची जिले में बने 16 परीक्षा केंद्र
नवोदय विद्यालय के लिए इंट्रेंस टेस्ट 21 अप्रैल को होगा। इसके लिए रांची में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों का एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। परीक्षा सुबह 11.30 से दिन के 1.30 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने को कहा गया है। वैसे स्टूडेंट्स, जिनका एडमिट कार्ड संबंधित स्कूल में नहीं मिला है, तो वे जवाहर नवोदय विद्यालय बीआईटी मेसरा के कैंपस से 16 और 17 अप्रैल की सुबह नौ से दिन के दो बजे के बीच प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित स्कूलों के हेडमास्टर से अभ्यर्थी का फोटो सत्यापित कर लाने के लिए कहा गया है।
इन केंद्रों पर होगा इंट्रेंस एग्जाम
जवाहर नवोदय विद्यालय में इंट्रेंस एग्जाम के लिए केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं। इसमें रांची सदर के बच्चों के लिए फिरायालाल पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसी तरह रातू और बेड़ो के लिए गौरीदत्त मंडेलिया हाई स्कूल, मांडर के लिए गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल, चान्हो के लिए प्रेम मंजरी हाई स्कूल रातू, इटकी और लापुंग के लिए केबी गर्ल्स रातू रोड, बुंडू के लिए रमेश सिंह मुंडा हार्ई स्कूल बुंडू, तमाड़ के लिए सिंबायोसिस पब्लिक स्कूल बुंडू, बुढ़मू के लिए सीएन राज हाई स्कूल रातू, खलारी के लिए बिथनी कॉन्वेंट हाई स्कूल रांची, कांके के लिए मारवाड़ी प्लस-2 हाई स्कूल, ओरमांझी के लिए मनन विद्या, अनगड़ा के लिए सुरेंद्र नाथ सेंटेनरी, सिल्ली के लिए असीसी गर्ल्स हाई स्कूल सामलौंग, राहे के लिए गर्ल्स हाई स्कूल बुंडू, सोनाहातू के लिए सेंट जेवियर स्कूल बुंडू और नामकुम तथा नगड़ी के अभ्यर्थियों के लिए बालकृष्णा प्लस टू हाई स्कूल को केंद्र बनाया गया है।
इधर, 8वीं बोर्ड का रिजल्ट घोषित, पर नहीं मिला प्रमाण पत्र, 9वीं में नहीं हो पा रहा एडमिशन
रांची | राज्य के सरकारी स्कूलों में 8वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे बच्चों के लिए पहली बार बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया गया था। लेकिन रिजल्ट घोषित होने के बाद भी वे सर्टिफिकेट के लिए भटक रहे हैं। उन्हें अब तक स्कूलों से न तो मार्कशीट मिला है और न ही कोई सर्टिफिकेट। नतीजा राज्य के बच्चे 9वीं में दाखिला नहीं ले पा रहे हैं। दाखिले और मिड डे मील को लेकर उनके अभिभावक भी परेशान हैं।
पंडरा के एक अभिभावक ने बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब बच्चा परीक्षा के देने का बाद भी पास या फेल होने की बजाय उसी कक्षा में पढ़ने स्कूल जा रहा है। वहां भी उसे न तो बैठाया जा रहा है और न ही खाना दिया जा रहा है। एरिया अफसर हकीमुद्दीन अंसारी ने बताया बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट वेबसाइट पर डाल दिया गया है। संबंधित स्कूलों को भी रिजल्ट भेजा जा रहा है।
फरवरी में हुई थी परीक्षा : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर राज्य में पहली बार 8वीं के बच्चों के लिए बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया गया था। होम सेंटरों पर 20 फरवरी से परीक्षा ली गई थी। कॉपी जांचने से लेकर रिजल्ट देने तक की जिम्मेवारी तय नहीं थी। नतीजा बच्चों को आज भी स्कूल से बाहर रहना पड़ रहा है। परीक्षा के दौरान सैकड़ों फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए थे, जो दूसरे बच्चे की जगह परीक्षा लिख रहे थे।