- Hindi News
- National
- आज से तीन दिवसीय झारखंडधाम महोत्सव कई राज्यों की संस्कृतियों का होगा संगम
आज से तीन दिवसीय झारखंडधाम महोत्सव कई राज्यों की संस्कृतियों का होगा संगम
भास्कर न्यूज | गिरिडीह/ रांची
सूबे के प्रमुख पर्यटन स्थल झारखंडधाम में सोमवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय झारखंड महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। जबकि केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत महोत्सव के विशिष्ट अतिथि होंगे। महोत्सव को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रही प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है। महोत्सव के तैयारी की समीक्षा डीसी मनोज कुमार व एसपी सुरेंद्र झा खुद कर रहे हैं। वहीं डीडीसी सह कार्यक्रम के अध्यक्ष मुकुंद दास पूरी व्यवस्था में जुटे हैं। महोत्सव के लिए झारखंडधाम परिसर में एक आधुनिक व विशाल मंच तैयार किया गया है। इसके अलावा दर्शकों के बैठने के लिए भव्य पंडाल बनाया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंडाल एवं कार्यक्रम स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग लगाई गई है। ताकि कोई बाहरी इसमें प्रवेश नहीं कर सके। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कार्यक्रम स्थल के करीब ही उतरेगा, जहां हेलीपेड बनाया गया है। गौरतलब है कि यह क्षेत्र कोडरमा संसदीय क्षेत्र के अधीन है। लिहाजा सांसद डा रविन्द्र राय अतिथियों के स्वागत की तैयारी का खुद निगरानी कर रहे हैं। महोत्सव स्थल पर पहुंचने से पहले एक विशाल तोरण द्वार बनाया गया है, जहां से लोग प्रवेश कर कार्यक्रम स्थल पहुंचेेंगे।
भोजपुरी सिने स्टार व गायक मनोज तिवारी, भजन गायिका शहनाज बिखेरेंगे जलवा
पहले दिन अख्तर व चटर्जी का सुर संगीत
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में भाजपा सांसद सह भोजपुरी सिने स्टार व गायक मनोज तिवारी, भजन गायिका शहनाज अख्तर एवं पूजा चटर्जी के अलावा कई नामचीन सांस्कृतिक कलाकार मंच से अपनी गायिकी एवं कला से जलवा बिखेरेंगे। झारखंड का प्रसिद्ध नृत्य एवं कई अन्य राज्यों की सांस्कृतिक झलकियां मंच से देखने को मिलेंगी। पहले दिन अख्तर व चटर्जी के सुर संगीत का आनंद को मिलेगा।
पहली बार भाजपा सरकार मना रही महोत्सव : सांसद
कोडरमा सांसद डा रवींद्र राय ने कहा कि महोत्सव का उद्घाटन सोमवार की 4 बजे शाम में प्रदेश के सीएम रघुवर दास करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंडधाम के नाम से झारखण्ड प्रदेश का नाम पड़ा है। लेकिन झारखंडधाम में कभी कोई राज्य स्तर का कार्यक्रम या महोत्सव नहीं हुआ था। इस बार पहली बार राज्य की भाजपा सरकार महोत्सव मनाने जा रही है। इस महोत्सव में झारखंड के कई मंत्री, सांसद व विधायक शरीक होंगे। इस कार्यक्रम से पूरे राज्य में झारखंडधाम का नाम विस्तारित होगा। साथ ही झारखंडधाम को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
एसडीएम ने लोगों से की सहयोग की अपील
एसडीएम रविशंकर विद्यार्थी ने कहा कि महोत्सव तीन दिनों तक चलेगा। हर दिन संध्या 7 बजे से 11 बजे रात तक मंच से विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति राज्य और राष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात कलाकारों द्वारा किया जाएगा। जिसमें राज्यभर से लोगों का आगमन होगा। इस दौरान सुरक्षा की व्यापक तैयारी की गई है।