केरल और झारखंड की संस्कृतियों को आत्मसात कर समाज को दे रहे हैं सेवा
केरल कैथोलिक एसोसिएशन (केसीए) रांची के पच्चीस साल पूरे होने पर आयोजित सिल्वर जुबली समारोह का समापन रविवार को धन्यवादी समारोही मिस्सा के साथ हुआ। संत जेवियर्स कॉलेज परिसर स्थित संत जॉन्स चैपल में केसीए के तमाम सदस्यों ने धन्यवादी समारोही मिस्सा चढ़ाई। इसके मुख्य अनुष्ठाता और उपदेशक शमशाबाद डायसिस के बिशप मार रफायल थैटिल थे। उन्होंने अपने आशीर्वचन में केरल समुदाय के लोगों को केसीए के सिल्वर जुबली समारोह की बधाई दी। कहा कि यह ईश्वरीय आशीष ही है कि केरल समुदाय के मसीही अपनी जन्मभूमि के साथ कर्मभूमि की संस्कृति को आत्मसात कर देश के विकास में अपनी समर्पित सेवा दे रहे हैं।
बिशप थैटिल ने कहा कि मुझे गर्व है कि झारखंड में केसीए ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और प्रेरिताई कार्यों में अपनी समर्पित सेवा के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इसके लिए उन्होंने कार्डिनल तेलेस्फोर पी. टोप्पो, रांची डायसिस के सहयोग तथा आध्यात्मिक मार्गदर्शन के महत्वपूर्ण योगदान के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। समारोही मिस्सा के सह अनुष्ठाता के रूप में केसीए के संरक्षक फादर मार्क नेदियाकालायिल, फादर मैथ्य वेकाथानम, फादर लोना कैल्लेलिल, सलेशियन फादर बीजू तथा अन्य ओसीडी फादर्स थे। समारोही मिस्सा में केरल समुदाय के वैसे महिला, पुरुष और बच्चे शामिल थे, जो अपने पूर्वजों, जन्म अथवा किसी न किसी रूप में केरल से जुड़े हैं। मौके पर केसीए रांची के प्रेसिडेंट पीवी जोस, सेक्रेटरी जेवियर फिलिप, थॉमस एमएम समेत अन्य सदस्य शामिल थे।
समारोही मिस्सा अनुष्ठान कराते बिशप मार रफायल थैटिल और कार्यक्रम में उपस्थित केरला कैथोलिक एसोसिएशन के सदस्य।