भास्कर न्यूज | राजधनवार/खोरीमहुआ
धनवार थाना क्षेत्र के करगालीखुर्द गांव में संचालित अवैध माइंस हादसे में घायल दो मजदूरों में से एक की मौत हो गई है। मृतक कोडरमा जिले के ढाब गांव का निवासी बताया जाता है। हालांकि धनवार पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि घायल होने की खबर है। दोनों घायलों का रांची में इलाज चल रहा है। लेकिन यदि कोई मरा है और उसका परिजन थाना आता है, तो संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।उधर जिला खनन पदाधिकारी ने सिर्फ परमिट पर बगैर एनओसी के खदान संचालन करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ धनवार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना अंतर्गत नवलशाही निवासी बासुदेव मोदी और धनवार थाना क्षेत्र का करगाली खुर्द निवासी मथुरा प्रसाद वर्णवाल को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। डीएमओ ने बताया है कि करगाली खुर्द के प्लॉट संख्या 29 व 57 में 1.60 एकड़ भूखंड का खनन पट्टा पारित है। लेकिन पर्यावरणीय सहमति, प्रदूषण नियंत्रण पर्षद से सीटीई/सीटीओ फेल हो चुका था अौर परिवहन चालान भी निर्गत नहीं था। बावजूद अवैध तरीके से पत्थर का उत्खनन किया जा रहा था। इसे लेकर झारखंड लघु खनिज समानुदान नियमावली 2004 के नियम 54 एवं संविद भाग 7 का का उल्लंघन का आरोपी ठहराते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।