गवर्नर ने समीक्षा में माना विधि-व्यवस्था ठीक नहीं
प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने कहा है कि पिछले तीन महीने में 29 कारोबारियों की राज्य में हत्या हुई है। हर रोज बेटियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है। उनकी हत्या की जा रही है। जान-माल सुरक्षित नहीं है। फर्जी मुठभेड़ में पुलिस व्यस्त है। विधि व्यवस्था की स्थिति इतनी दयनीय है कि आलाधिकारियों को बुलाकर राज्यपाल को नसीहत देना पड़ रहा है। झामुमो का मानना रहा है कि राज्य में संवैधानिक संकट की स्थिति है। ऐसी स्थिति में सरकार को अविलंब बर्खास्त किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंबेडकर की जयंती के अवसर पर दलितों-आदिवासियों के मसीहा की मूर्तियां तोड़ी जा रही है। आजादी के 70 साल बाद भी दलितों-आदिवासियों को अपनी जान-माल और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 3000 करोड़ की लागत से सरदार पटेल की मूर्ति बनवाने वाले आज पूरे देश को तोड़ रहे हैं। 900 करोड़ से अंबेडकर की मूर्ति बनवायी जा रही है लेकिन दलितों-आदिवासियों को कुचला जा रहा है। ये राजघाट पर उपवास करते हैं और जनता से झूठ बोलते हैं। भाजपा के लिए महापुरुष आज अप्रासंगिक हो गये हैं। सोरेन ने यह भी आरोप लगाया कि देश में संवैधानिक पदों पर बैठे लोग निर्लज्जता से झूठ बोल रहे हैं।