बाल सुधार गृह के बच्चों से मिले जस्टिल पटेल, ट्रेनिंग कार्य देखा
झारखंड हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस डीएन पटेल रविवार को झालसा और समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बाल सुधार गृह, डुमरदगा पहुंचे। उन्होंने वहां रह रहे बच्चों से बातचीत की। उन्हें कंप्यूटर ट्रेनिंग सही तरीके से मिल रही है या नहीं देखा। बाद में वहां उपस्थित समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ भी बैठक की और उन्हें बच्चों की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बाल कैदियों को यहां कई तरह के रोजगार परक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। पिछले दिनों यहां से चार बच्चे फरार हो गए थे। झालसा की पहल से इस बाल सुधारगृह में एक नया प्रयोग किया जा रहा है। जाने अनजाने अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले बच्चों को दोबारा मुख्यधारा में लाने के लिए उनके कौशल विकास की व्यवस्था की गई है। बाल सुधार गृह में बच्चों को हुनरमंद बनाने के लिए उन्हें कंप्यूटर ट्रेनिंग के अलावा फिजियोथेरेपी, पेंटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बाल कैदियों का उत्साह बढ़ाते हुए जस्टिस पटेल ने कहा कि बच्चे अधिक से अधिक हुनरमंद बनें। उन्हें जरूरत के अनुसार सामाजि कार्यों व निजी संस्थानों में लगाया जाएगा, ताकि यहां से छूटने के बाद वे मुख्य धारा में सही तरीके से रह सके।