पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जो देंगे पहला वोट, मिलेगा सम्मान पत्र

जो देंगे पहला वोट, मिलेगा सम्मान पत्र

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हर बूथ पर सबसे पहले मतदान करने वाले महिला और पुरुष वोटर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पहले पुरुष मतदाता को नीले रंग का और पहली महिला मतदाता को गुलाबी रंग का प्रशस्ति पत्र सौंपा जाएगा। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत को मिलाकर बूथों की कुल संख्या 824 है। इस लिहाज से सभी बूथों को मिलाकर सबसे पहले वोट देने वाले 824 महिला और 824 पुरुष मतदाताओं यानी 1648 वोटर को प्रशस्ति प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में निर्वाची पदाधिकारियों ने रविवार को पोलिंग टीमों को निर्देश भी दे दिया है। अपने-अपने बूथ पर पोलिंग पार्टी सुबह छह से सात बजे तक मॉक ड्रिल करेगी। इसके बाद सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान जारी रहेगा।

हर वार्ड में एक मॉडल बूथ

हर वार्ड के एक मॉडल बूथ बनाया गया है। यहां मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बैठने और पीने के पानी की सुविधा मिलेगी। वहीं दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप की व्यवस्था भी होगी। एसडीओ अंजलि यादव के अनुसार, वैसे सभी बूथों पर पेयजल की व्यवस्था होगी। मॉडल बूथ पर दिव्यांग और बुजुर्ग वोटर की सुविधा का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया गया है।

इधर, जिस भवन में 6 से ज्यादा मतदान केंद्र हैं, वहां प्रशासन की ओर से वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इस संबंध में एसडीओ ने बताया कि इस व्यवस्था से ऐसे बूथों पर गड़बड़ी करने वाले को आसानी से चिह्नित कर कार्रवाई की जा सकेगी। शराब बेचने या पैसों के लेन-देन पर भी नजर रखी जा रही है।

जिस भवन में 6 से ज्यादा मतदान केंद्र, वहां की जाएगी वीडियोग्राफी

मुस्तैद ड्यूटी की ओर बढ़ते कदम : पोलिंग पार्टियों के साथ महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों को भी उनके मतदान केंद्रों की ओर रवाना किया गया। इससे पहले उन्हें रसद समेत अन्य जरूरी सामान दिए गए। पुलिसकर्मियों को गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ पूरी सख्ती से पेश आने का निर्देश दिया गया है।

प्रॉब्लम आने पर 10 मिनट में बदली जाएगी ईवीएम

डीसी राय महिमापत रे ने रविवार को बिरसा मुंडा फुटबाॅल स्टेडियम में कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रशासन तैयार है। मतदाता निर्भीक होकर मतदान करें। कोई गड़बड़ी होने पर तीनों कंट्रोल रूम के अस्थाई हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं। यदि किसी बूथ की ईवीएम में समस्या आती है तो 10 मिनट के अंदर उसे बदलने की भी तैयारी है। वोटर को डराने या गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि सभी बूथों पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। इसके अलावा कई गश्ती दल भी भ्रमण करती रहेंगी। क्यूआरटी की भी तैनाती की गई है, जो कंट्रोल रूम के संपर्क में रहेगी। असामान्य स्थिति से निपटने के लिए रैफ की दो कंपनियां भी तैनात की गई हैं।

वार्ड-19 के वोटर सिर्फ मेयर-डिप्टी मेयर चुनेंगे

रांची का वार्ड-19 एकमात्र ऐसा वार्ड है, जहां के वोटर सिर्फ मेयर और डिप्टी मेयर का ही चुनाव करेंगे। इस वार्ड की पार्षद रोशनी खलखो निर्विरोध पार्षद बन चुकी हैं। यहां मेयर पद के लिए एक और डिप्टी मेयर प्रत्याशियों के लिए दो ईवीएम होंगी। जबकि, 7 ऐसे वार्ड हैं, जहां पार्षद प्रत्याशियों के लिए भी दो ईवीएम लगानी होंगी। इसकी वजह यह है कि इन वार्डों में पार्षद प्रत्याशियों की संख्या 15 से अधिक है। ईवीएम के 16 बटन में लास्ट बटन नोटा का है। नोटा विकल्प वैसे मतदाताओं के लिए रखा गया है, जिन्हें कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं है।

रांची के 808 और बुंडू के 16 बूथों पर 1648 मतदाता होंगे सम्मानित

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की है यह पहल

वायरलेस की ट्रेनिंग के साथ सुरक्षा के टिप्स भी दिए गए

स्टेडियम में पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट भी दिए गए। कनेक्टिविटी के साथ सुरक्षा के टिप्स भी मिले।

खबरें और भी हैं...