- Hindi News
- National
- रांची और बुंडू के 824 मतदान केंद्रों पर ईवीएम और चुनाव सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियां तैनात
रांची और बुंडू के 824 मतदान केंद्रों पर ईवीएम और चुनाव सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियां तैनात
पोलिंग पार्टियां रविवार सुबह 9 बजे मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम पहुंचे और चुनाव सामग्री लेकर रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत के बूथों की ओर रवाना हो गईं। पूरे दिन इसे लेकर चुनाव कर्मचािरयों में आपाधापी मची रही। नगर निगम क्षेत्र में 808 बूथ हैं। जबकि बुंडू नगर पंचायत में 16 मतदान केंद्र हैं। पोलिंग पार्टी में पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी, द्वितीय मतदान पदाधिकारी और तृतीय मतदान पदाधिकारी शामिल हैं।
निर्धारित समय पर स्टेडियम के गेट नंबर- एक के समीप ज्वानिंग देने के साथ सभी पोलिंग पार्टी को चुनाव सामग्री दी गई। इसके बाद ईवीएम लेने के लिए सभी गेट नंबर-6 स्थित स्ट्रांग रूम गए। वहां सबसे पहली ईवीएम वार्ड-14 के बूथ नंबर-12 में वोटिंग कराने वाली पोलिंग टीम ने दोपहर 1.05 बजे ली। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य पोलिंग पार्टियां ईवीएम लेकर वाहन कोषांग की ओर बढ़ती रहीं। वहां से सभी टीमों को सुरक्षाकर्मियों के साथ बसों से उनके मतदान केंद्रों पर भेजा गया।
7210 कर्मचारी चुनाव कार्य में लगाए गए हैं।
360 बसें कर्मचारियों को बूथों तक भेजने में इस्तेमाल की गईं।
2000 से अधिक कर्मचारी रिजर्व रहेंगे।
40 बसें रिजर्व रखी गई हैं। 80 बसें रिलीज कर दी गई हैं।
भीड़ के बाद भी सबकुछ व्यवस्थित रहा
वाहन कोषांग के प्रभारी सह डीटीओ नागेंद्र पासवान ने बताया कि स्टेडियम में कर्मचारियों की काफी भीड़ होने के बावजूद उन्हें व्यवस्थित तरीके से ईवीएम और चुनाव सामग्री दी गई। शाम 5 बजे से पहले ही सबको उनके बूथों की ओर रवाना कर दिया गया।