सीसीएल को मेडिकल कॉलेज के लिए रिनपास की जमीन दें
सीसीएल को मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए रिनपास की करीब 17 एकड़ जमीन दी जाएगी। रिनपास की जीबी की बैठक में इस पर निर्णय लिया जा चुका है। अब स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे ने रांची डीसी को पत्र लिखकर सीसीएल को जमीन शीघ्र हस्तांतरित करने को कहा है। रिनपास प्रबंधन मेडिकल कॉलेज के लिए सीसीएल को 17 एकड़ तथा कैंसर अस्पताल के लिए टाटा ट्रस्ट को 23 एकड़ जमीन देने का निर्णय ले चुका है। जमीन हस्तांतरण का प्रस्ताव रांची उपायुक्त के माध्यम से राजस्व व भूमि सुधार विभाग को भेजा जाना है। कैबिनेट की स्वीकृति भी ली जाएगी।
टाटा ट्रस्ट ने कैंसर अस्पताल खोलने की जताई है इच्छा
उल्लेखनीय है कि सीसीएल द्वारा मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना कई वर्षों से लंबित है। सीसीएल ने अपने गांधीनगर अस्पताल से लिंक कर मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। वहीं, टाटा ट्रस्ट ने इसी साल रांची में कैंसर अस्पताल खोलने की इच्छा जताते हुए राज्य सरकार से जमीन मांगी थी। टाटा के पदाधिकारी रिनपास स्थित जमीन देखकर वहां अस्पताल खोलने की स्वीकृति भी दे चुके हैं। राज्य सरकार मेडिकल कॉलेज व कैंसर अस्पताल के लिए नि:शुल्क जमीन उपलब्ध करा सकती है।