पहली बार 4 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्धता
कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य के चार आवासीय स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक परीक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपनी संबद्धता प्रदान की है। अब इन चारों स्कूलों के छात्र-छात्राओं को जैक में फार्म नहीं भरना होगा, बल्कि परीक्षा के लिए सीबीएसई का फार्म भरना होगा। राज्य में यह पहला अवसर है जब कल्याण विभाग के स्कूलों को सीबीएसई ने अपनी संबद्धता दी है। कल्याण विभाग की ओर से कुल सात स्कूलों को संबद्धता प्रदान करने के लिए सीबीएसई से अनुरोध किया गया था, लेकिन फिलहाल चार स्कूलों पर ही सीबीएसई ने अपनी सहमति दी है।
सीबीएसई से संबद्धता मिलने पर कल्याण मंत्री लुइस मरांडी ने कल्याण विभाग के सचिव और अन्य संबंधित अफसरों को बधाई भी दी है। साथ ही कहा है कि संबद्धता जारी रखने के लिए यह आवश्यक है कि सीबीएसई के नॉर्म के अनुसार विद्यालय का संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यालय से संबंधित डाटा ऑनलाइन या ऑफलाइन भेजा जाना है, उसे जल्द भेजा जाए।
इन विद्यालयों को संबद्धता
जिन विद्यालयों को सीबीएसई ने संबद्धता प्रदान की है, उनमें ईएमआरएस टोरसिंदरी, चाईबासा, ईएमआरएस काठीजाेरिया दुमका, आश्रम कुचाई, सरायकेला और आश्रम जामताड़ा शामिल हैं। विभाग की ओर से संबंधित परियोजना निदेशक, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं संबंधित संचालनकर्ता संस्था को भी इसके लिए बधाई दी गई है।