29 की जनआक्रोश रैली में दिल्ली जाएंगे झारखंड के कांग्रेसी नेता
एआईसीसी ने 29 अप्रैल को रामलीला मैदान नई दिल्ली में केंद्र सरकार के हर मोर्चे पर विफल बताते हुए जन-आक्रोश रैली का आयोजन किया गया है। इसमें बड़ी संख्या में झारखंड के भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली की सफलता के लिए प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश ठाकुर को प्रदेश समन्वयक बनाया गया है। उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है कि प्रदेश कांग्रेस के सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ के साथ ही जिला, प्रखंड और विभागों की भागीदारी जन-आक्रोश रैली में सुनिश्चित करने के लिए समन्वय स्थापित करें ।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि किसानों के द्वारा की जा रही आत्महत्या, बैंकों में कैश की किल्लत, युवाओं को रोजगार, समाज में भय का वातावरण सहित कई मुद्दों को लेकर एआईसीसी के महासचिव अशोक गहलोत ने रैली की सफलता के लिए 16 अप्रैल को नई दिल्ली में प्रदेश कमिटी के प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्षों की बैठक आहूत की थी, जिसमें प्रदेश प्रवक्ता राजेश ठाकुर ने भाग लिया था।