पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मतगणना से पहले कंट्रोल यूनिट व बूथ का मिलान जरूरी

मतगणना से पहले कंट्रोल यूनिट व बूथ का मिलान जरूरी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब मतगणना कार्य की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। इसके तहत मतगणना कार्य में नियुक्त किए गए सुपरवाइजर व मतगणना सहायक को कलेक्ट्रेट स्थित बी ब्लॉक के कमरा नंबर 505 में बुधवार को प्रशिक्षण दिया गया। मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण कोषांग की वरीय प्रभारी पदाधिकारी पूनम झा और प्रभारी मनमोहन प्रसाद ने ईवीएम के जरिए डेमो भी दिखाया। पूनम झा ने कर्मियों को बताया कि मतगणना से पहले कंट्रोल यूनिट और बूथ का मिलान करना जरूरी है। फिर सील ईवीएम में आउटर पेपर, स्पेशल टैग और ब्लू पेपर सील है यह सुनिश्चित करना होगा। अगर इन तीनों में कोई एक भी सील नहीं है, तो इसकी जानकारी निर्वाची पदाधिकारी को दें। ताकी, निर्वाची पदाधिकारी इसकी जानकारी हॉल में मौजूद प्रत्याशियों के एजेंट को दे सकें। वहीं, सबकुछ सही रहने पर रिजल्ट सेक्शन के रिजल्ट-1 बटन को दबाएं। इससे सभी प्रत्याशियों का रिजल्ट आना शुरू हो जाएगा। जो परिणाम ईवीएम के डिस्प्ले में आए, उसे फॉर्म 17-क के भाग दो में लिखें। इस दौरान पीठासीन पदाधिकारियों द्वारा भरे गए फॉर्म 17-क के पार्ट-1 से मिलान कर लें। इसमें अगर कोई अंतर हो तो फौरन निर्वाची पदाधिकारी से मिलें। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एसडीओ अंजलि यादव भी मौजूद थीं।

मतगणना कार्य के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को प्रशिक्षण, प्रशिक्षण कोषांग की वरीय प्रभारी पदाधिकारी ने दी जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल मतगणना कर्मचारी।

मतगणना हॉल में मोबाइल ले जाने पर पाबंदी

मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त किए गए कर्मियों से कहा गया है कि वे मतगणना के दौरान अपने साथ कुछ भी लेकर नहीं आएंगे। मतगणना के दौरान मोबाइल, कलम-पेंसिल आदि लाने पर पाबंदी है। ऐसा इसलिए ताकि मतगणना कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा सके।

मतगणना एजेंट बनाने के लिए दिए आवेदन

रांची| नगर निगम चुनाव के बाद मतगणना की प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं, प्रत्याशियों की ओर से पल-पल वोटों के रुझान जानने की भी तैयारी की जा रही है। मतगणना एजेंट बनाने के लिए तेज-तर्रार समर्थक का चयन किया जा रहा है। साथ ही उनसे आवेदन भरवाए जा रहे हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट बिल्डिंग में मतगणना एजेंटों का प्रवेश पास बनवाने के लिए प्रत्याशियों की भीड़ लगी रही। सभी संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के पास आवेदन देते रहे। प्रत्याशी नियमानुसार हर बूथ के लिए एक मतगणना एजेंट बना सकते हैं। इधर, मतगणना एजेंट बनाने के लिए प्रत्याशी अपने निर्वाची पदाधिकारी के पास गुरुवार तक आवेदन दे सकते हैं।

खबरें और भी हैं...