पॉलिथीन मिलने पर 10 हजार घूस मांगी
रांची| रांची नगर निगम के इंफोर्समेंट अफसरों के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला बरियातू के हिल व्यू रोड स्थित केआरपी भंडार के संचालक मुकेश दत्ता का सामने आया है। इंफोर्समेंट अफसरों ने दुकान में पॉलिथीन मिलने के बाद मामले को रफा-दफा करने के लिए दुकानदार से 10 हजार रुपए घूस मांगी। दत्ता ने इसकी शिकायत नगर आयुक्त के पास दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि सोमवार को उनकी दुकान पर निगम के तीन इंफोर्समेंट अफसर पहुंचे थे। जबरन दुकान की जांच की। इस क्रम में दुकान में आठ-दस पॉलिथीन मिले तो उन्होंने 50 हजार रुपए जुर्माना मांगा। आरोप है कि नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी दी। बाद में मामले को रफा-दफा करने के लिए 10 हजार की मांग की गई। पैसे देने के बाद उन्होंने सादे कागज पर लिखित रूप से लिया कि इंफोर्समेंट अफसर ने दुकान में पॉलिथीन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा। लिखित रूप से लेने के बाद उन्होंने रसीद भी नहीं दी। इस संबंध में निगम की हेल्थ ऑफिसर डॉ. किरण ने कहा कि इंफोर्समेंट अफसरों के खिलाफ मिली शिकायत की जांच होगी।