नामकुम के स्वास्थ्य कर्मी की कोडरमा में रोड दुर्घटना में मौत
रांची/कोडरमा| कोडरमा घाटी अंतर्गत रांची-पटना रोड पर शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में स्वास्थ्य विभाग रांची में कार्यरत एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक का नाम राजेश सिंह (40) है। घटना दोपहर ढाई बजे हुई। नामकुम में रहनेवाले स्वास्थ्य कर्मी राजेश सिंह एक शादी समारोह में शामिल होने को लेकर अपने एक्सयूबी वाहन से चालक के साथ जा रहे थे। इस दौरान कोडरमा घाटी में उनके वाहन को विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने धक्का मार दिया। घटना में पिछली सीट पर बैठे सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आसपास के लोगों द्वारा तत्काल कोडरमा स्थित सदर अस्पातल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में चालक राजू उरांव को मामूली चोटें आई। पुलिस द्वारा की गई छानबीन में जानकारी मिली कि राजेश सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। मृतक के घर वालों को इस बाबत सूचना दे दी गई है। घायल चालक ने बताया कि वह बेल्ट लगाए हुए थे। साथ ही दुर्घटना के दौरान वाहन में लगा एयर बैलून खुल गया। इससे उसकी जान बच गई। उसने बताया कि उनकी गाड़ी में धक्का मारने के बाद ट्रक चालक तेजी से भाग निकला।