वोटरों को बूथ पहुंचाने में जुटे प्रत्याशी
चुनाव प्रचार थमने के साथ ही मेयर, डिप्टी मेयर और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार बूथ मैनेजमेंट में जुट गए हैं। राजनीतिक दलों ने देर रात तक विभिन्न स्थानों पर बैठक कर रणनीति बनाई। इसमें बूथों पर पोलिंग एजेंट की तैनाती और मतदाताओं को घर से निकालकर मतदान केंद्र तक पहुंचाना शामिल हैं। कुछ प्रत्याशियों ने कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी की। दिनभर बाइक रैली, पदयात्रा करने के बाद थके कार्यकर्ताओं का रात में मनपसंद खान-पान कराया गया। कुछ प्रत्याशियों ने रैली में शामिल महिला-पुरुषों को गमछा, तो कुछ ने साड़ी और टोपी भेंट की। रातू रोड, हरमू क्षेत्र के दो प्रत्याशियों ने पदयात्रा में शामिल लोगों को लिफाफा थमाया, ताकि वे अपने घर और आसपास के लोगों को लेकर मतदान करने बूथ तक पहुंचे। इधर, जिला प्रशासन और पुलिस विभिन्न क्षेत्रों में गश्ती कर रही है, ताकि मतदाताओं को प्रलोभन देने वालों पर निगरानी रखी जा सके।