शराब में 1 लाख निवेश कर 48 घंटे में डेढ़ लाख कमाने का सपना टूटा
रांची निगम चुनाव को लेकर घोषित ड्राइ डे के दौरान सरकारी विदेशी शराब ब्लैक में बेचने की तैयारी कर रहे कोकर के नरेश महतो को सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास 480 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। सदर डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी नरेश की कोकर स्थित चाउमिन दुकान से कई ब्रांड की विदेशी शराब मिली। मालूम हो सरकार ने निकाय चुनाव के मद्देनजर 14 अप्रैल शाम पांच बजे से 17 अप्रैल सुबह 7 बजे तक शहर की सभी सरकारी शराब दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया है। आरोपी इसी ड्राइ डे का फायदा उठाना चाहता था। नरेश मिडिल चुटिया छठ तालाब के पास रामदास महतो के मकान में किराए पर रहता है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उसने राजधानी स्नैक्स चाइनीज फास्ट फूड की दुकान में शराब छुपा कर रखी है। पुलिस ने शुक्रवार रात जब वहां छापेमारी की तो कई कार्टूनों में शराब मिली। पुलिस को देख नरेश ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया।
आरोपी नरेश ने बताया कि उसे पता था कि निगम चुनाव के दौरान ड्राइ डे लंबा रहेगा। चुनाव में लोग बांटने के लिए ब्लैक में भी विदेशी शराब खरीदेंगे। इसलिए उसने 10 दिन पहले से ही सरकारी शराब दुकानों से अधिक मात्रा में बीयर और शराब की खरीदारी शुरू कर दी थी। करीब एक लाख रुपए से अधिक का इसमें इनवेस्टमेंट किया था। उम्मीद थी कि पूरा माल बिक गया तो उसे 45 से 50 हजार रुपए का मुनाफा होगा।, पर पता नहीं कैसे पुलिस को इसकी सूचना मिल गई और मुनाफा कमाने का उसका सपना टूट गया।
शहर के सभी इलाकों में छापामारी का निर्देश
एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने नगर निगम चुनाव को लेकर राजधानी के सभी इलाकों में संबंधित अफसरों को छापेमारी करने का निर्देश दिया है। कई इलाकों में छापेमारी शुक्रवार से जारी है। उत्पाद विभाग को भी आदेश दिया गया है कि वह भी अवैध रूप से देसी-विदेशी शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करे। तीन दिन पहले नामकुम के जोरार से पुलिस ने नकली शराब काफी मात्रा में बरामद की थी और दो लोगों को गिरफ्तार किया था।
सदर पुलिस की गिरफ्त में चुटिया निवासी चाईनीज फास्ट फूड का दुकानदार नरेश महतो और उसके घर से बरामद शराब।
बोड़ेया का रेस्टूरेंट सील, शराब जब्त
रांची| कांके के बोड़या में अवैध रूप से रेस्टोरेंट में बिक रही शराब की सूचना मिलने पर एसडीओ अंजलि यादव ने रात में छापेमारी की। इसमें संस्कार रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स से 53 बोतल विदेशी शराब बरामद कई गई। शराब अवैध रूप से रेस्टोरेंट में बेची जा रही थी। इस संबंध में तीन लोगों को रेस्टोरेंट से गिरफ्तार भी किया गया है। इसमें रेस्टोरेंट के मालिक राजेंद्र साहू और दो कर्मचारी दिनेश साहू व पप्पू साहू शामिल है। इनके पास से एक लाख चार हजार रुपए नगद भी बरामद किए गए हैं। रेस्टोरेंट सील कर दिया गया है। इस संबंध में कांके थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। इधर, उत्पाद विभाग ने भी बीआईटी गेट के पास तीन होटलों में छापेमारी की। वहां से अवैध रूप से बेची जा रही विदेशी शराब काफी मात्रा में बरामद की गई है।
छापामारी करतीं एसडीओ।