पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गड़बड़ वोटर लिस्ट बनाने वाले अफसरों को सम्मानित करें, जिससे उन्हें शर्म आए

गड़बड़ वोटर लिस्ट बनाने वाले अफसरों को सम्मानित करें, जिससे उन्हें शर्म आए

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर निकाय चुनाव में वोटर लिस्ट में भारी गड़बड़ी मिलने पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने अफसरों को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने वार्डों का परिसीमन और मतदाता सूची तैयार करने वाले अफसरों को सम्मानित करने का आग्रह किया है, ताकि उन्हें शर्म महसूस हो सके। उन्होंने लिखा है कि बिना ग्राउंड सर्वे किया वार्डों का परिसीमन और मतदाता सूची तैयार कर दिया गया। सब कुछ कागजी आधार पर हुआ। अफसरों की इस गड़बड़ी के कारण हजारों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाए। इसलिए इस प्रक्रिया को पूरा करने वाले अफसरों को एक समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाए।

दैनिक भास्कर ने चुनाव के दिन ही खुलासा किया था कि रांची के 100 फीसदी बूथों पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी थी। लगभग हर बूथ पर इस बात को लेकर हंगामा भी हुआ था। लोग वोटर लिस्ट में नाम ढूंढ़ने के लिए एक बूथ से दूसरे बूथ पर भटकते रहे। कई लोग तो परेशान होकर बिना वोटिंग किए ही घर लौट गए।

ये गड़बड़ियां बताईं

सीपी सिंह ने पत्र में लिखा है कि वार्डों के परिसीमन और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की वजह से मतदाता अंतिम समय तक असमंजस में रहे। दिन भर वे बूथों पर अपना नाम ढूंढ़ते रहे।

मतदाता कई मतदान केंद्र पर भटकते देखे गए। जिस वार्ड में मतदाता का घर है, उस वार्ड में उनका नाम कहीं नहीं देखा गया । 5 से 7 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद ऐसे मतदाताओं का बूथ मिला। इस वजह से वे वोट देने से वंचित हो गए।

एक ही परिवार के सदस्यों का नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर कर दिया गया। इस वजह से कई लोग परिवार के साथ मतदान करने से वंचित हो गए।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जारी किए गए ऑनलाइन वोटर लिस्ट और प्रशासन द्वारा जारी किए गए वोटर लिस्ट में भी काफी अंतर पाया गया।

अफसरों की इस लापरवाही के कारण हजारों लोगों को बेवजह परेशानी का सामना करना पड़ा है।

खबरें और भी हैं...