हॉकी कोच प्रतिमा शादी के बंधन में बंधी
रांची | झारखंड को कई राष्ट्रीय आैर अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी देने वाली एसएस बालिका उच्च विद्यालय सिमडेगा हॉकी सेंटर की कोच प्रतिमा बरवा शादी के बंधन में बंध गई। बुधवार को अंगराबाड़ी मंदिर खूंटी में प्रतिमा बरवा की शादी सुकरा नाग से हुई। हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, कोषाध्यक्ष रजनीश कुमार, हॉकी सिमडेगा के मनोज कोनबेगी, कमलेश्वर मांझी, हॉकी खूंटी के सचिव सुरेश कुमार, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुमराय टेटे, पुष्पा टोपनो, एसएस बालिका सिमडेगा के अलब्रिटीना तिर्की, महताब अंसारी, कोच जगन टोपनो, बिबयानी कोनगाड़ी, अंजलूस तिर्की, मारिया गोरेति सहित राज्य के कई कोच आैर हॉकी खिलाड़ी शादी समारोह में हुए शामिल।
नीलम दीदी टी-20 क्रिकेट 28 से मेकॉन में
रांची | छठी नीलम दीदी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सभी मैच मेकॉन स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट सब कमेटी की बुधवार को हुई बैठक में इसका निर्णय लिया गया। कमेटी के अध्यक्ष अर्चित आनंद ने कहा कि उद्घाटन मुकाबला 28 को फाइनल मैच सात मई को खेला जाएगा। टूर्नामेंट में 14 टीमों को इंट्री दी जाएगी। टूर्नामेंट नॉक आधार पर खेली जाएगी। टूर्नामेंट में कुल ईनामी राशि तीन लाख रुपए है। छह टीमें कारपोरेट की भी होगी। कॉरपोरेट के लिए 25 हजार आैर अन्य टीमों के लिए इंट्री फीस 15 हजार रुपए रखी गई है। टूर्नामेंट में इंट्री करने की अंतिम तिथि 21 अप्रैल है। अधिक जानकारी के लिए नंदजी पांडेय (9386150667) पर संपर्क किया जा सकता है।
अंडर-16 क्रिकेटरों का होगा एज वेरिफिकेशन जांच
रांची | जेएससीए की ओर से अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन एक मई से बोकारो, चाईबासा, देवघर, पलामू आैर पाकुड़ में किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में खेलने वाले सभी खिलाड़ियों का एज वेरिफिकेशन चार जिलों में आयोजित की गई है। एज वेरिफिकेशन में पास होने वाले ही खिलाड़ी अपने-अपने जिले की ओर से खेल सकेंगे। 21 अप्रैल को देवघर में दुमका, देवघर, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा आैर गिरिडीह के खिलाड़ियों का एज वेरिफिकेशन होगा। 22 को रांची में रांची, बोकारो, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, 23 को डालटनगंज में पलामू, गढ़वा, लातेहार, 24 को जमशेदपुर में जमशेदपुर, वेस्ट सिंहभूम आैर खूंटी के खिलाड़ियों का एज वेरिफिकेशन जांच होगा।