ओलिंपिक पदक विजेता भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु आैर पद्मभूषण से सम्मानित पी. गोपीचंद ने रविवार को शाम में जेएससीए स्टेडियम में रैकेट्स का उद्घाटन किया। रैकेट्स कॉम्प्लेक्स में दो बैडमिंटन कोर्ट के साथ स्क्वैश और टेबल टेनिस के कोर्ट का फीता भी सिंधू आैर गोपीचंद ने काटा। उद्घाटन के साथ पुलेला गोपीचंद और पीवी सिंधु ने रैकेट थामा और एक दूसरे के साथ बैडमिंटन खेला। इसके बाद दोनों ने वहां पहुंचे छोटे-छोटे बच्चों के साथ बैडमिंटन खेला। इस अवसर पर बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी, पीवी सिंधु के पिता पीवी रमन्ना, वी चामुंडेश्वरनाथ, जेएससीए प्रेसीडेंट कुलदीप सिंह, सचिव देवाशीष चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव सहित अन्य लोग शामिल थे।
मौके पर पीवी सिंधु ने कहा कि किसी भी खेल में केवल हार्ड वर्क और डेडिकेशन की जरूरत है। इसके बाद ही आप स्टार खिलाड़ी बन सकते हैं। एरिना के उद्घाटन के मौके पर ओलिंपियन ने कहा कि यहां की फैसिलिटी बेहतर है और हमारे समय में ऐसी फैसिलिटी नहीं मिला करती थी। यहां के बच्चे इसका फायदा उठाएं और आगे बढ़े। जिससे अपने खेल को बेहतर कर सके और एक मुकाम हासिल कर सके। मैं और मेरे माता पिता ने मेरे खेल के लिए बहुत त्याग किया है जिसका रिजल्ट आपके सामने है। मेरा यही कहना है कि आप युवा मेहनत करें और आगे बढ़े।
जेएससीए स्टेडियम में पद्मभूषण से सम्मानित पुलेला गोपीचंद आैर पीवी सिंधु ने किया रैकेट्स का उद्घाटन
लोगों का खेल के प्रति नजरिया बदला है: गोपीचंद
पी.गोपीचंद ने कहा कि क्रिकेट स्टेडियम के अंदर लॉन टेनिस और बैडमिंटन समेत अन्य खेलों के लिए आधारभूत संरचना उपलब्ध करायी गई, यह काफी प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि लोगों का खेल के प्रति नजरिया बदला है। उम्मीद है कि देश में आने वाले कुछ दिनों में खेल के क्षेत्र में कुछ और नई प्रतिभाएं उभर कर सामने आएगी। पी.गोपीचंद ने कहा कि हाल में संपन्न राष्ट्रमंडल खेल में भारत का उत्साहवर्द्धक प्रदर्शन रहा, अब देश में क्रिकेट के अलावा अन्य खेल और संबंधित खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।