पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • झारक्राफ्ट के अफसर खुद की कंपनी बना हड़प रहे वर्क ऑर्डर

झारक्राफ्ट के अफसर खुद की कंपनी बना हड़प रहे वर्क ऑर्डर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
झारक्राफ्ट के अधिकारी सरकार से वेतन लेकर सरकार को ही चूना लगा रहे हैं। इसका खुलासा एक्सपोर्ट कंपनी विभ्स एंड ह्यूज के उस पत्र से हुआ है, जिसमें उसने झारक्राफ्ट के वरीय प्रबंधक साकेत कुमार पांडेय और डिजाइन प्रमुख अभिलाषा कुमारी पर गंभीर आरोप लगाया है। पंजाब की इस कंपनी के पत्र से झारक्राफ्ट में हड़कंप मचा हुआ है।

एमडी और सीईओ ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए साकेत पांडेय और अभिलाषा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। झारक्राफ्ट की सीईओ रेणु गोपीनाथ पणिक्कर से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हमारे पास ऐसी शिकायत आई है। इस मामले की जांच झारक्राफ्ट के एमडी मंजूनाथ भजंत्री कर रहे हैं। जो दोषी पाए जाएंगे, उनपर कार्रवाई होगी।

मैनेजर और डिजाइन हेड ने बना ली वोभेनक्राफ्ट कंपनी
निजी एकाउंट में मंगाए पैसे
जालंधर की कंपनी विभ्स एंड ह्यूज यूएएस, यूरोप और नार्वे में गारमेंट्स का एक्सपोर्ट करती है। इसने झारक्राफ्ट को 600 मीटर कॉटन फैब्रिक के लिए वर्क ऑर्डर दिया था। कंपनी ने डिजाइन हेड अभिलाषा से जब इन्वॉयस मांगा, तो अभिलाषा ने झारक्राफ्ट की जगह उनकी खुद की कंपनी वोभेनक्राफ्ट के नाम पर इन्वॉयस दे दिया, जिसका एमडी साकेत पांडेय है। तर्क दिया कि झारक्राफ्ट के इन्वॉयस में ज्यादा टाइम लगता, इस वजह से वोभेनक्राफ्ट का दिया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि झारक्राफ्ट के वीवर्स ही कपड़ा तैयार करेंगे। उक्त कंपनी को एडवांस देने के लिए यूनियन बैंक डोरंडा में साकेत पांडेय की एकाउंट 380302010166487 का नंबर दे दिया।

ऑर्डर की सप्लाई का समय बढ़ाते रहे
विभ्स एंड ह्यूज ने जो ऑर्डर दिया था, निर्धारित अवधि के बावजूद सप्लाई नहीं हुई। जब कंपनी के एमडी तेजस्वी मिन्हास ने इनसे पूछा, तो अभिलाषा व साकेत लगातार सप्लाई की समय सीमा बढ़ाते रहे। कभी यार्न तो कभी मौसम का बहाना बनाया। थक कर तेजस्वी मिन्हास ने झारक्राफ्ट के एमडी को मेल भेजा, तब इसका खुलासा हुआ। हालांकि, इन दोनों ने तेजस्वी मिन्हास को धमकी तक दे डाली। कहा कि जहां, उन्हें कंपलेन करना हो, कर लें, उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा।

मामले को दबाने की कोशिश
साकेत पांडेय व अभिलाषा ने शोकॉज का गोलमटोल जवाब दिया। अपने जवाब में झारक्राफ्ट में लंबे समय से काम करने का हवाला देते हुए कहा है कि यार्न नहीं होने के कारण वोभेनक्राफ्ट को काम दे दिया था। सीसी में उनका मेल आईडी होने के संबंध में अभिलाषा का तर्क था कि वोभेनक्राफ्ट के सौरभ ने गलती से कर दिया। सौरभ साकेत पांडेय का भाई है।

खबरें और भी हैं...