जरूरतमंद 20 दिन पाएंगे सरकारी योजना का लाभ
ग्रामीणों ने बताया मुखिया की लापरवाही के कारण पूरे गांव में 35 चापाकल खराब, गंभीर पेयजल संकट
भास्कर न्यूज | अनगड़ा
रांची जिले में ग्राम स्वराज अभियान की शुरूआत शनिवार को अनगड़ा प्रखंड के हेसातू पंचायत के मेलघौंसा गांव से की गई । अभियान 14 अप्रैल से 5 मई तक चलेगा। मुख्य अतिथि जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष जैलेंद्र कुमार व विशिष्ट अतिथि अनगड़ा प्रमुख अनिता गाड़ी थी। जैलेंद्र कुमार ने बताया कि, सामाजिक समन्वय स्थापित करना, सबसे गरीब परिवार तक सरकारी योजनाओं की पहुंच बनाना तथा उनके मनोभावों को समझना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हैं। जैलेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि, एसीसी डाटा में छूटे हुए लाल व पीला कार्ड धारी के अलावे वैसे लाभुकों को भी उज्जवला योजना का लाभ मिलेगा जिनका लाल-पीला कार्ड नहीं हैं।
ऐसे लाभुकों को अंचल पदाधिकारी द्वारा सिर्फ उज्जवला योजना का लाभ देने के लिए मैनुअल तरीके से जाति प्रमाणपत्र दिया जाएगा। साथ ही वनपट्टा निवासी, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को भी इसका लाभ मिलेगा। उज्ज्वला योजना के तहत कार्यक्रम में अगले बीस दिनों तक प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, सौभाग्य (प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना), उजाला योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व मिशन इंद्रधनुष योजना से शत प्रतिशत लाभुकों को आच्छादित करने का निर्देश दिया गया हैं। गांव की वर्तमान स्थिति का आकलन कर 14 अप्रैल से 5 मई तक अभियान चलाकर शतप्रतिशत आच्छादित किया जाएगा।
इस अवसर पर बीडीओ संध्या मुंडू, मुखिया राजेश पाहन, पंसस महेश गंझू, बैंक ऑफ इंडिया सिकिदिरी के शाखा प्रबंधक रामनरेश प्रसाद, कनीय अभियंता कमलेश कुमार, दिलीप खत्री, नीलमोहन पाहन, बालक महतो, ब्रजकिशोर प्रसाद, विजय कुमार शर्मा, शेख बदरे वकार सहित अन्य शामिल थे।
एक सप्ताह के अंदर सभी खराब चापानल दुरुस्त हो जाएंगे
इस मौके पर ग्रामीणों ने बताया कि, पूरे मेलघौंसा गांव में 35 चापाकल खराब हैं। इसपर जैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों से बात कर एक सप्ताह के अंदर सभी खराब चापानलों को बनाने की बता कही। आरोप हैं कि, खराब चापानलों के मरम्मत में मुखिया रूचि नहीं ले रहे हैं। पंचायत के 14वें वित्त की फंड से चापानलों की पाइप की खरीद करनी हैं। शेष काम पेयजल स्वच्छता विभाग करेगा। लेकिन अभी तक पाइप की खरीद पंचायत ने नहीं की हैं।