वोटरों को मताधिकार से वंचित किया गया, आशंका तो पहले से थी : झामुमो
झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने आरोप लगाया है कि नगर निकाय चुनाव में भारी पैमाने पर मतदाताओं को उनके मताधिकार के उपयोग से वंचित किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी को इसकी पहले से आशंका थी। राज्य निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत भी की गयी थी। लेकिन समय रहते कोई सुधार नहीं हुआ। परिणाम हुआ कि भारी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार से वंचित रहे।
उन्होंने कहा कि रांची में जहां 41 फीसदी के आसपास मतदान हुए वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में लगभग 65 फीसदी तक ही मतदान हुआ। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि एक ही अपार्टमेंट में रहनेवाले लोगों के मत, विभिन्न बूथों पर तितर-बितर कर दिए गए। किसी मुहल्ले की बड़ी आबादी का मतदान केंद्र कहीं दूर फेंक दिया गया। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद रांची नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर भाजपा की हार सुनिश्चित हो गई। मतदान की समाप्ति के बाद भट्टाचार्य पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा निकाय चुनाव में गड़बड़ी किए जाने की आशंका पहले से थी। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण रहा कि कपाली नगर परिषद में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी का चुनाव चिह्न ही बदल गया। इसके माध्यम से मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश की गयी। उन्होंने दावा किया कि झामुमो नगर निकाय चुनाव को सकारात्मक रूप में लिया। पार्टी के नेता-कार्यकर्ता आम लोगों से संपर्क करने में सफल रहे।
एक ही अपार्टमेंट में रहनेवाले लोगों के मत, विभिन्न बूथों पर तितर-बितर कर दिए गए, इससे मतदान प्रतिशत घटा : सुप्रियो