लोको पायलटों का विरोध प्रदर्शन अफसरों पर दबाव डालने का आरोप
मुरी स्टेशन पर लोको पायलटों ने लॉबी के समीप विरोध प्रदर्शन किया। लोको पायलटों ने आरोप लगाया है कि रेलवे अधिकारी तय समय से भी ज्यादा काम लेते हैं। इसके लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। अधिकारी काम के बहाने प्रताड़ित करते हैं। इसे लेकर रांची रेल मंडल के मंडल विद्युत अभियंता वसीम सिद्दिकी (परिचालन) के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। लोको पायलटों का आरोप है कि 16 घंटे रेस्ट नहीं दिया जाता है। ट्रेन चलाकर मुख्यालय में आने के बाद भी रिलीज नहीं किया जाता है और दूसरे ट्रेन की जिम्मेवारी दी जाती है। यह नियमों का उल्लंघन है। ऐसे में किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। भविष्य में कोई ट्रेन एक्सीडेंट होगा तो इसकी जिम्मेवारी जिम्मेदार रेलवे अधिकारी की होगी। लोको पायलट एसोसिएशन के सचिव रामजीत प्रसाद ने कहा कि ऐसे ही दबाव में काम कराया गया तो आने वाले समय में जोरदार विरोध प्रदर्शन होगा।
रांची के सीनियर डीसीएम एमआर आचार्या ने कहा कि मुझे नहीं पता है कि क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं। संबंधित अधिकारी से पूछकर ही बता सकते हंै।