पोस्टमार्टम के लिए वसूले 12 हजार, कहा-पैसा दो नहीं तो रिपोर्ट बदल देंगे
रिम्स के कर्मचारियों ने एक बार फिर मानवता को शर्मसार किया है। मृतक के परिजनों से पोस्टमार्टम के एवज में 12 हजार रुपए वसूले। परिजन नंदा उराव ने बताया कि वे लोग कांके प्रखंड के बाढ़ू स्थित बरवाटोली गांव के रहने वाले हैं। अनिल उरांव शादी समारोह में अरसंडे, बोड़ेया गया था। वहां कुएं में डूबने से उसकी मौत हो गई थी। नंदा ने बताया कि रिम्स के पोस्टमार्टम हाउस में जब वह शव लेने पहुंचा तो ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उससे 20 हजार रुपए मांगे। साथ ही धमकाया कि पैसा नहीं दोगे तो रिपोर्ट में लिख देंगे कि अनिल की मौत शराब पीने से हुई है। इससे परिजन को एलआईसी का पैसा नही मिलेगा। इसके बाद कर्मचारियों ने 12 हजार रुपए वसूल लिये।