सरकारी स्कूल के बच्चों को इंजीनियरिंग और मेडिकल संस्थानों में एडमिशन के लिए सरकार द्वारा आकांक्षा-40 कोचिंग शुरू की गई है। इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर इंट्रेंस एग्जाम का आयोजन किया जाता है। इस बार आकांक्षा-40 की प्रवेश परीक्षा दो जून को होगी। इस परीक्षा का आयोजन अब झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित की जाएगी। इसके लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। परीक्षा की तिथि निर्धारित करने के बाद जैक द्वारा स्वीकृति के लिए प्रस्ताव सरकार के पास भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स से आवेदन आमंत्रित करने के लिए विज्ञापन जारी कर दी जाएगी।
दो चरण में होगा इंट्रेंस एग्जाम
आकांक्षा-40 के लिए दो चरण में इंट्रेंस एग्जाम का आयोजन किया जाएगा। पहले स्तर की परीक्षा जिला लेवल पर होगी। दूसरे चरण में स्टेट लेवल परीक्षा होगी। जिला लेवल की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स को राज्यस्तरीय परीक्षा में शामिल किया जाएगा। इनमें से मेडिकल और इंजीनियरिंग की कोचिंग के लिए 40-40 बच्चों का चयन होगा। इन बच्चों को राजधानी में आवासीय शिक्षा व्यवस्था के साथ मेडिकल और इंजीनियरिंग की विशेष कोचिंग दी जाएगी। इस पर खर्च होने वाली राशि सरकार देती है।
20 छात्रों को जेईई मेंस में हुआ है चयन : जेईई की परीक्षा में आकांक्षा-40 के 40 बच्चे शामिल हुए थे। इसमें 20 को जेईई मेंस की परीक्षा में सफलता मिली है। इसमें रांची जिले के डीईओ रतन कुमार महाबर का सराहनीय योगदान रहा है। नीट की परीक्षा में आकांक्षा-40 की 35 छात्राएं शामिल हुई हैं। अभी इस परीक्षा का परिणाम नहीं आया है।
नीट में भी यहां की छात्राएं बेहतर करेंगी : आकांक्षा-40 के नोडल पदाधिकारी सह रांची डीईओ रतन कुमार महाबर का कहना है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे बच्चे मेडिकल और इंजीनयिरिंग कॉलेजों में दाखिले की प्रवेश परीक्षा में बेहतर कर रहे हैं। जेईई मेंस में इस बार 20 बच्चों को सफलता मिली है। मुझे विश्वास है कि नीट में भी यहां की छात्राएं बेहतर प्रदर्शन करेंगी।