रांची-मुरी रेलखंड के नामकुम और टाटीसिल्वे के बीच लो-हाईट सब-वे और मुरी-बोकारो के बीच डमरू घुटू के बीच एलएचएस बनाए जा रहे हैं। इस वजह से शनिवार को रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस समेत 12 एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हुईं। हटिया स्टेशन से हटिया-यशवंतपुर ट्रेन के एसी क्लास के 50 यात्रियों की ट्रेन छूट गई, इससे नाराज यात्रियों ने हटिया स्टेशन पर खूब हंगामा किया।
इधर, रांची से पटना जानेवाली राजधानी एक्सप्रेस, हटिया-पटना एक्सप्रेस, रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनें रांची-मुरी रेलखंड पर जहां-तहां फंसी रहीं। क्योंकि एलएचएस का काम रात नौ बजे तक चला। काम पूरा होने के बाद सबसे पहले रांची-राजधानी एक्सप्रेस, फिर हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस और हटिया-पटना एक्सप्रेस को रवाना किया गया। वहीं तुलिन समेत कई स्टेशनों पर घंटों ट्रेन को रोका गया।
समय पर नहीं पहुंची एलेप्पी : धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस से हटिया आ रहे यात्रियों को कनेक्टिंग ट्रेन हटिया-यशवंतपुर पकड़नी थी, लेकिन काम में दो घंटे ज्यादा लग गए, जिस कारण समय पर एलेप्पी नहीं पहुंची और यात्रियों की ट्रेन छूट गई।
रांची से समय पर खुलीं पर बीच में रोकी गई
बरकाकाना-आद्रा पैसेंजर ट्रेन, रांची-जयनगर एक्सप्रेस, रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस, रांची-देवघर इंटरसिटी, रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, हटिया-पटना एक्सप्रेस, रांची-बनारस एक्सप्रेस और रांची-जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को रांची स्टेशन से समय पर रवाना किया गया, लेकिन बोकारो के पास एलएचएस का काम होने की वजह से रांची से मुरी के बीच ही रोक दिया गया।
यात्रियों को आज मिलेगा कन्फर्म टिकट : अवनीश
सीनियर डीसीएम अवनीश कुमार ने कहा कि हटिया-यशवंतपुर ट्रेन के जिन यात्रियों की ट्रेनें छूट गई हैं, उन्हें रविवार के लिए इस ट्रेन का कन्फर्म टिकट दिया जा रहा है। यात्रियों के नाम और नंबर ले लिए गए हैं।