लालू की पेशी के लिए जारी प्रोडक्शन वारंट वापस
चारा घोटाला मामले की सुनवाई कर रही पटना सिविल कोर्ट स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की पेशी के लिए जारी प्रोडक्शन वारंट को मंगलवार को रिकॉल कर लिया। इसके लिए विशेष न्यायधीश देवराज त्रिपाठी की अदालत में लालू के वकील ने आवेदन दाखिल किया था। उनके वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल को झारखंड में लंबित मामलों में इलाज के लिए अंतरिम जमानत प्राप्त हुई है। इस मामले मे वह पहले से ही जमानत पर हैं। इसलिए उनके खिलाफ जारी प्रोडक्शन वारंट को वापस लिया जाए ताकि वह रांची के जेल से मुक्त हो सकें। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जारी प्रोडक्शन वारंट को वापस लिए जाने का आदेश पारित करते हुए इस आशय का निर्देश दिया।