आज रूक्का से जलापूर्ति नहीं होगी 5 लाख लोगों के समक्ष जलसंकट
रूक्का डैम से आपूर्ति होने वाले शहर के बड़े क्षेत्रों में बुधवार को जलापूर्ति बाधित रहेगी। इसके कारण शहर की करीब 5 लाख आबादी प्रभावित होगी। हालांकि रूक्का से बूटी-हटिया लाइन में वाटर सप्लाई सामान्य रहेगी। पर, बूटी से आपूर्ति होने वाले शहर के सभी क्षेत्रों में वाटर सप्लाई बाधित रहेगी।
रूक्का कार्यपालक अभियंता प्रभात कुमार ने बताया कि प्लांट के संप नंबर 4 की सफाई की जाएगी। इसके कारण प्लांट सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। शाम छह बजे के बाद ही प्लांट में पानी का पंपिंग एवं ट्रीटमेंट कार्य शुरू होगा। इसके बाद देर शाम से बूटी जलागार को पानी भेजा जाएगा। गुरुवार से वाटर सप्लाई सामान्य हो पाएगी।
इन क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रहेगी
बूटी, बरियातू रोड, कोकर, दीपाटोली, नामकुम सैनिक छावनी, मेन रोड, लालपुर, हिंदपीढ़ी, अपर बाजार, मोरहाबादी, हरमू रोड, इरबा किशोरगंज, पहाड़ी टोला आदि।
आज नगर निगम बोर्ड की बैठक, शहर का जलसंकट व सफाई का मुद्दा उठेगा
रांची | रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक बुधवार को होगी। इसमें पानी, सफाई समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। पानी की किल्लत दूर करने के लिए निगम शहर के विभिन्न वार्डों में 270 स्थानों पर टैंकर से पानी भेज रहा है। बावजूद कई क्षेत्रों में लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी मधुकम, स्वर्णजयंती नगर, गंगा नगर, विद्या नगर, हरमू क्षेत्र में है। हरमू, इरगू टोली, किशोरगंज में पानी की किल्लत का आलम यह है कि लोगों को रात में जाग कर पानी का जुगाड़ करना पड़ता है। यहां धूप में बच्चे और महिलाएं पानी की जुगाड़ में भटकते रहते हैं।
रातू रोड-पिस्का मोड़ में अनियमित सप्लाई : रातू रोड और पिस्का मोड़ के 2 लाख लोग जलसंकट झेल रहे हैं। एक दिन छोड़ कर यहां वाटर सप्लाई हो रही है, वह भी समय से नहीं है। रातू रोड जलमीनार को बूटी से पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है।