सेल सिटी में शनिवार को विभिन्न खेलों का समर कैम्प का भव्य उद्घाटन हुआ। सेल सिटी रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पद्मश्री बलबीर दत्त, मुकुंद नायक और ओलिंपियन सिलवानुस डुंगडुंग, मनोहर टोपनो आैर पूर्व अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सुमेराय टेटे ने बच्चों तथा अभिभावकों को प्रेरित किया। पद्मश्री पत्रकार बलबीर दत्त ने देश की गुलामी और आजादी की कहानी सुनाई। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम, दुनिया के धुरंधर क्रिकेटर रांची निवासी महेंद्र सिंह धौनी और मशहूर कलाकार अमिताभ बच्चन का उदाहरण देते हुए बताया कि अभावों के बीच भी अपनी प्रतिभा निखरकर कैसे सफलतम व्यक्ति बना जाता है। सिलवानुस डुंगडुंग ने बच्चों को उत्साहित करते हुए अपनी कहानी बयान की कि गरीबी के कारण बचपन में वे बांस के डंडे से हॉकी खेला करते थे। उनका जुनून ही उनको विश्व मंच तक ले गया।