रांची | चारा घोटाले का खुलासा करने वाले अमित खरे को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। वे एनके सिन्हा की जगह लेंगे, जो 31 मई को रिटायर हो रहे हैं। झारखंड कैडर के 1985 बैच के आईएएस अफसर अमित खरे अभी झारखंड में विकास आयुक्त के पद पर तैनात हैं। खरे ने 1996 में चाईबासा का डीसी रहते चारा घोटाले में पहली एफआईआर दर्ज कराई थी। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर झारखंड सरकार को सूचित कर दिया है।