कांटाटोली में प्रस्तावित फ्लाईओवर के लिए गढ़ाटोली के पास स्थित डायवर्सन के चौड़ीकरण का काम शनिवार से शुरू होगा। डायवर्सन के नीचे से बहनेवाली नाली का पानी डायवर्ट करने के लिए पाइप बिछाई जाएगी। इसके बाद पुल बनाने के लिए पिलर की पाइलिंग का काम शुरू होगा। इसके लिए अलाइनमेंट का काम शुक्रवार से शुरू हो गया।
नगर विकास विभाग की एजेंसी जुडको और फ्लाईओवर बनाने का कॉन्ट्रैक्ट लेनेवाली कंपनी मोदी प्रोजेक्ट ने कई स्थानों पर जमीन की मापी की। डायवर्सन के दोनों ओर की दुकानों की भी मापी की गई। मुआवजा का भुगतान होने के बाद संबंधित दुकान और घर की जमीन पर कब्जा लिया जाएगा। इधर, फ्लाईओवर के लिए अधिग्रहीत होनेवाली जमीन का मामला अभी भी फंसा हुआ है। नगर निगम जमीन पर कब्जा नहीं ले सका है, क्योंकि जमीन मालिकों को मुआवजा नहीं मिला है। डायवर्सन के चारों तरफ के रैयतों ने मुआवजा के बिना जमीन पर कब्जा देने से इंकार कर दिया है।
अब भी फंसा है मामला
अधिग्रहित होनेवाली जमीन में 49 प्लॉट लीज की है। लीजधारकों को सिर्फ जमीन पर बनी संरचना का मुआवजा देने की तैयारी की गई है। जमीन का पैसा नहीं मिलेगा। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने इस मामले में सरकार से मार्गदर्शन मांगा है, इस वजह से मामला फंसा है। और लगेंगे छह माह : फ्लाईओवर के लिए पाइलिंग का काम शुरू होने में छह माह लग सकते हैं। क्योंकि जबतक सभी रैयतों, लीजधारकों और प्रभावित होनेवाले दुकानदारों को मुआवजे की राशि नहीं मिलती है, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे।