इमारत ने किया एलान आज से रोजा, एदारा ने कहा- रमजान कल से
इस्लामी माह शाबान की 29 तारीख बुधवार को थी। इस दिन रमजान-उल-मुबारक का चांद नजर आने की संभावना रहती है। इमारत शरीया ने चांद के देखे जाने का एलान किया है। इमारत की दारूल कजा के काजी-मुफ्ती मो. अनवर कास्मी ने बताया है कि रमजान-उल-मुबारक का चांद देखा गया है जिसकी तसदीक भी कर ली गई है। इसलिए, रमजान महीने की पहली तारीख 17 मई से रोजा रखा जाएगा। कर्बला टैंक रोड स्थिति इमारत के कार्यालय परिसर में उलमा और मुफ्ती की मीटिंग में यह फैसला लिया गया। बैठक में मौलाना सिद्दीक मजाहिरी, मौलाना उबैदुल्ला कास्मी, हाजी शकील अहमद, सैयद अरमानुल हक, नजमुल आरिफीन और अमीनुल आरिफीन आदि माैजूद थे। अंजुमन इस्लामिया रांची ने भी चांद के देखे जाने की सूचना दी है।
जबकि, एदार-ए-शरीया झारखंड के नाजिम आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी और अल्लामा सैयद शाह अलकमा शिबली ने एलान किया कि चांद कहीं नजर नहीं आया, इसलिए गुरुवार से तरावीह और शुक्रवार से रोजा रखा जाएगा। एदार-ए-शरीया ने राज्य भर में चांद के दीदार के लिए 37 रुअते हिलाल सेंटर बनाए थे। इन केंद्रों पर 515 आलिम और जिम्मेदार तैनात रहे। हर जिला में काजी की नियुक्ति की गई थी, ताकि वे चांद पर नजर रखें। इधर, एदारा के उल्माए कराम और जिम्मेदार लोग चांद देखने के लिए दरगाह हजरत कुतुबुददीन रिसालदार, डोरंडा रांची में मौजूद थे। सभी जगह से चांद के नजर नहीं आने की खबर के बाद काजी-मुफ्ती आबिद हुसैन मिस्बाही की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसकी पुष्टि की गई। बैठक में मुफ्ती अनवर निजामी, मुफ्ती एजाज मिसबाही, मौलाना जसीमउद्दीन खान अंबर, मौलाना ताजुद्दीन, कारी अय्यूब, अकीलुर्रहमान, हाजी रऊफ गद्दी, मुजीबुर्रहमान, मौलाना मुबीन रिजवी, सैफ अली और शोएब आलम आदि मौजूद थे। इधर, इमारत के एलान के बाद शहर की कई मस्जिदों में तरावीह की नमाज शुरू हो चुकी है।
राज्य में 37 रुअते हिलाल सेंटर पर तैनात थे 515 आलिम
एदार-ए-शरीया के नाजिम आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी, अल्लामा सैयद शाह व अन्य।
रांची में सजा खजूर और सेवइयों का बाजार
इधर, रमजान की दस्तक के साथ ही रांची के बाजार खजूर, सेवई और अन्य जरूरी सामान से सज चुके हैं। जिसमें खजूर 60 से 2500 रुपए पैकेट तक, तो सेवईं 70 से 250 प्रति किलो ग्राम तक मिल रही है। बाकरखानी 10 से 50 रुपए, शिरमाल 20 से 100 रुपए, शरबत 100 से 250 रुपए तक बाजार में उपलब्ध है। इसके अलावा जायनमाज 250 से 1000 रुपए, टोपी 20 से 150 रुपए, तस्वीह 20 से 150 रुपए और मिस्वाक 10 से 30 रुपए बिक रही है।