छोटानागपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन (सीएए) की ओर से नया भुसूर, लालखटंगा में पहली बार बी डिवीजन फुटबॉल लीग मैच की शुरुआत की गई। उद्घाटन मुकाबला देखने के लिए फुटबॉल प्रेमियों की भीड़ ग्राउंड में उमड़ी। कच्छप ब्रदर्स आैर सनराइजर्स क्लब बंगलाटोली के खिलाड़ी जब मैदान में उतरे तो दर्शकों ने तालियां बजाकर दोनों टीमों का स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, राष्ट्रगान खत्म होते ही रेफरी ने मैच शुरू होने की सिटी बजा दी। शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रमक खेल खेला। पहले हाफ के खेल में दोनों ही टीमों के खिलाड़ी गोल नहीं कर सके।
दूसरे हाफ में कच्छप के खिलाड़ियों ने रणनीति बनाकर हमला किया। इसका फायदा उठाते हुए 40वें मिनट में साहिल कच्छप ने गोलकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। एक गोल से पिछड़ने के बाद बंगलाटोली के खिलाड़ियों ने भी हमला तेज किया। ऐसा लग रहा था कि उद्घाटन मुकाबला कच्छप की टीम जीत जाएगी। लेकिन 69वें मिनट में बंगलाटोली के लिए अरविंद कच्छप ने गोलकर टीम को खुशी मनाने का मौका दे दिया। अंत तक स्कोर 1-1 पर समाप्त हुआ। इससे पहले भुसूर जोन का उद्घाटन ग्राम पंचायत लालखटंगा के मुखिया रितेश उरांव, ग्राम प्रधान राजेश टोप्पो, राष्ट्रीय रेफरी ओम प्रकाश ठाकुर ने खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर किया। मौके पर भुसूर जोन के इंचार्ज विक्रम उरांव, मुन्ना टोप्पो, उप-मुखिया राजू कच्छप, अजीत टोप्पो, तारा टोप्पो आदि शामिल थे।
चंद्रदेव उरांव के हैट्रिक से जीता नवीन स्पोर्टिंग
ब्रांबे जोन का पहला मुकाबला एएडीएफए जेएमएम आैर एसवाईएस गुड़गुड़जाड़ी का गोल रहित पर छूटा। वहीं, दूसरे मुकाबले में नवीन स्पोर्टिंग एकेडमी ने जेएमसी कुल्वे को 6-0 से हराया। चंद्रदेव उरांव (31, 46, 60वें मिनट) ने इस मैच में हैट्रिक गोल किया। 12वें, 25वें मिनट में छोटू आैर 48वें मिनट में सचिन उरांव ने गोल दागा।
सूरज उरांव ने जमाया हैट्रिक गोल
बरियातू में खेले गए पहले मैच में मतलू एफसी ने जूनियर फुटबॉल एकेडमी को 3-1 से हराया। मतलू के लिए सूरज उरांव ने 8वें, 10वें आैर 48वें मिनट में गोलकर हैट्रिक पूरा किया। जूनियर की ओर से 20वें मिनट में अशोक ने गोल दागा। दूसरे मैच में स्टूडेंट क्लब ने सरय युवा एफसी को 3-2 से पराजित किया। स्टूडेंट की तरफ से 17वें, 23वें मिनट में मनोज, 24वें मिनट में रोहित उरांव ने गोल किया। सरय की ओर से रोहित टोप्पो ने गोल मारा।
लटमा आैर जीजी रामपुर जीते
हटिया जोन में खेले गए मैच में लटमा एफसी ने टोनको को 2-1 से हराया। लटमा की तरफ से 15वें, 17वें मिनट में सुहैल ने गोल किया। टोनको की ओर से 37वें मिनट में मुकेश ने गोल मारा। वहीं, नामकुम जोन में खेले गए मुकाबले में जीजी रामपुर ने जूनियर एफसी बड़ाम को 6-1 से हराया। रामपुर की ओर से पंकज तिर्की, हाबेल लकड़ा ने 2-2 आैर एक-एक गोल विवेक, विजय ने किया। बड़ाम की तरफ से अनमोल टोप्पो ने गोल दागा।